अल्जीयर्स. अल्जीरिया में आतंकियों के चंगुल से बंधकों को छुड़ाने के चक्कर में 30 बंधकों के मौत की खबर है। हालांकि इस बात की पूरी तरह से पुष्टि नहीं की गई है। अल्जीरिया की सेना द्वारा छेड़े गए एक अभियान में 11 अपहरणकर्ता भी मारे गए।
रॉयटर्स की खबर के मुताबिक, लगभग 100 बंधक सेना द्वारा आजाद करा लिए गए है। माली में फ्रांस की ताजा कार्रवाई के विरोध में दक्षिणी अल्जीरिया में अलकायदा से जुड़े से एक हथियार बंद आतंकी संगठन ने एक गैस क्षेत्र के पास विदेशी कर्मचारियों के एक दल को बंधक बना लिया था। बंधकों में ज्यादातर अमेरिका, नार्वे और ब्रिटेन के नागरिक थे। गुरुवार को गैस प्लांट के पास हेलीकॉप्टरों से की गई गोलाबारी में दर्जन भर आतंकी मारे गए।
आतंकियों से लगातार संपर्क बना मौरिटानिया की एएनआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, आतंकी बंधकों को किसी दूसरी जगह ले जाने की कोशिश कर रहे थे। उसी समय सेना ने उन पर हमला बोल दिया। एएनआई को भेजे संदेश में कहा है कि यदि सेना ने फिर से कोई प्रयास किया तो बाकी बचे बंधकों को भी मारे डालेंगे।
दशक के इस सबसे बड़े बंधक प्रकरण से प्रभावित कई सरकारें आपात बैठकें कर रही हैं। अल्जीरिया के इस अभियान से पहले अमेरिकी रक्षा मंत्री लियोन पेनेटा ने कहा था कि अमेरिकी बंधकों को छुड़ाने के लिए वह सभी जरूरी कदम उठाएंगे।