सेक्स स्कैंडल जांच: अमेरिकी सैनिक होटल के कमरों में लाते थे वेश्याएं

एक सैन्य जांच में यह साफ हो गया है कि बराक ओबामा के कोलंबिया दौरे से पहले अमेरिकी सैनिक मौज-मस्ती के लिए होटल के कमरों में सेक्स वर्कर्स को लाते थे। बराक ओबामा अप्रैल में एक सम्मलेन में हिस्सा लेने के लिए कोलंबिया आए थे। जांच में यह भी सामने आया है कि सैनिक अपने कुत्तों को होटल के कमरों में घुसने देते थे, जिससे बिस्तर और फ्लोर गंदा हो जाता था।
शुक्रवार को इस रिपोर्ट की कॉपी एसोसिएटेड प्रेस को दी गई। इस रिपोर्ट में सीक्रेट सर्विस के दौरान अधिकारियों के आचरण और वेश्यावृत्ति से जुड़े कई अहम खुलासे हुए हैं। इस स्कैंडल में सात सैनिकों और दो नौसैनिकों को प्रशासनिक दण्ड दिया गया है। इनपर ड्यूटी के दौरान व्यभिचार और गलत आचरण का आरोप है। तीन अधिकारियों के कोर्ट मार्शल की अपील भी की गई है।
जांचकर्ताओं की रिपोर्ट के अनुसार यह मामला उस वक्त सामने आया, जब होटल कर्मचारियों ने अमेरिकी अधिकारियों से शिकायत की और सैन्य अधिकारियों द्वारा होटल के कमरों में महिलाओं को लाने की पुष्टि की। होटल कर्मचारियों के अनुसार सैन्य अधिकारियों के कमरों में सुबह 6 बजे के बाद भी वेश्याओं की मौजूदगी देखी गई, जो कि होटल के नियमों के खिलाफ थी। होटल कर्मचारियों ने शिकायत में यह भी कहा कि कुछ अधिकारी कुत्तों को बिस्तर में सुलाते थे, जिसके कारण होटल के कमरों और अन्य जगहों पर गंदगी फैलती थी।
कोलंबिया में वेश्यावृत्ति वैध है, लेकिन अमेरिकी मिलिट्री कोड ऑफ जस्टिस में यह नियमों का उल्लंघन है। कार्टेजेना में मौजूद होटलों में वेश्याओं को लाने की अनुमति तो है, लेकिन यह होटल स्टाफ को सूचित करना और निर्धारित शुल्क अदा करना जरूरी है। साथ ही होटल में सुबह 6 बजे के बाद वेश्याओं को ठहराना वर्जित है।






