ब्यूनस आयर्स.अर्जेटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स एक नए कानून के पारित होने के बाद धूम्रपान मुक्त शहर बन गई है। इस नए कानून के अंतर्गत सार्वजनिक क्षेत्रों जैसे मदिरालयों, रेस्तराओं और सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान निषेध होगा।
समाचार एजेंसी ईएफई के मुताबिक ब्यूनस आयर्स नगरपालिका की व्यवस्थापक पाउला बरटोल ने बताया कि पांच जनवरी को लागू इस अधिनियम के तहत सार्वजनिक क्षेत्र अब ज्यादा समय तक धूम्रपान क्षेत्र नहीं रह सकेंगे।
"वैसे किसी इमारत के पीछे की जगह, छतों, बाल्कनियों और सार्वजनिक इस्तेमाल न किए जाने वाले अन्य हवादार स्थानों को इस कानून से बाहर रखा गया है।"
"साथ ही क्लबों में विशेष रूप से तम्बाकू पीने वाले लोगों के लिए बनाए गए स्थानों, तम्बाकू की दुकानों, मानसिक स्वास्थ्य केंद्रों और नजरबंदी केंद्रों को भी इस कानून में शामिल नहीं किया गया है।"
अर्जेटीना की संसद ने पिछले साल जून में स्थानीय और क्षेत्रीय न्यायालय को 100 प्रतिशत धूम्रपान मुक्त सार्वजनिक वातावरण स्थापित करने का अधिकार देते हुए यह कानून पारित कर दिया था। इसके साथ-साथ सभी प्रकार के कार्यक्रमों में सिगरेट का विज्ञापन करने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
अमेरिकन कैंसर सोसाइटी के अध्ययन के अनुसार पश्चिमी गोलार्ध में प्रति व्यक्ति तम्बाकू सेवन के मामले में अर्जेटीना तीसरे स्थान पर है।