बार्बी के बाद अब बुद्ध की मूर्तियां हुईं ईरानी कट्टरपंथ का शिकार
तेहरान। ईरान ने बॉर्बी डॉल और काटरून पात्र सिंपसन के बाद अब भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर भी रोक लगा दी है। बाजार से बुद्ध प्रतिमाएं जब्त कर ली गई हैं। ईरान के लोग समृद्धि की चाह में लाफिंग बुद्धा सहित भगवान बुद्ध की प्रतिमाएं घरों में रखते हैं। इनकी बिक्री भी बहुत ज्यादा है।
ईरान के सांस्कृतिक विरासत विभाग के अधिकारी सईद जाबेरी अंसारी ने कहा है कि इन मूर्तियों के माध्यम से दूसरे धर्मो को बढ़ावा नहीं दिया जा सकता। ईरान इन्हें देश पर सांस्कृतिक आक्रमण मानता है। ईरान एक इस्लामी देश है। लेकिन यहां के कई घरों में प्रवेश द्वार पर भगवान बुद्ध की प्रतिमा देखी जा सकती हैं।
ये ज्यादातर ‘मेड इन चाइना’ हैं और फारस की खाड़ी के रास्ते यहां बिक्री के लिए आती हैं। बुद्ध प्रतिमाएं बेचने वाले एक दुकानदार ने कहा कि ज्यादातर लोग सजाने का सामान समझ कर इन्हें खरीदते हैं। कुछ मानते हैं कि इन्हें घर में रखने से समृद्धि आती है।






