चीन ने लॉन्च किया जीपीएस नेविगेशन सैटेलाइट नेटवर्क
Agency
| Dec 28, 2012, 11:01AM IST
बीजिंग. चीन ने वीरवार को स्वदेशी बीडो सैटेलाइट नेटवर्क के जरिए नया जीपीएस आधारित नेविगेशन सिस्टम लॉन्च किया है। एशिया प्रशांत क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण इस सिस्टम ने काम करना शुरू भी कर दिया है।
यह नेविगेशन सिस्टम घरेलू और पड़ोस के एशियाई देशों में अपनी सेवाएं देगा। कई अरब डॉलर के कारोबार से संबंधित इस क्षेत्र में अब तक अमेरिका का वर्चस्व था। बीडीएस के प्रवक्ता रैन चेंगकी ने कहा कि वर्ष 2015 तक उनका नेटवर्क बाजार में 15 से 20 प्रतिशत की हिस्सेदारी पर कब्जा करने में कामयाब रहेगा। वर्ष 2020 तक चीन की बीडो सैटेलाइट नेटवर्क के तहत विश्व भर में 35 सैटेलाइट प्रयोग करने की योजना है।
ऐसे होगा उपयोगी
चीन का सार्वजनिक क्षेत्र का बीडो नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम शुरुआत में एशिया प्रशांत क्षेत्र में पोजीशनिंग, टाइमिंग और संदेश प्रदान करने की सुविधा देगा। चीन को अपना वैश्विक नेविगेशन कारोबार वर्ष 2020 तक 19.2 बिलियन डॉलर ( 94हजार करोड़ रुपए) तक पहुंचने की उम्मीद है।








