लाहौर.पाकिस्तान के लाहौर शहर में कल सुबह एक फैक्ट्री की तीन मंजिली इमारत में बायलर फटने के कारण मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है और कम से कम 30 लोग अब भी मलबे में फंसे हुए हैं।
जियो न्यूज ने आज यहां बताया कि मलबे से तीन और शव मिलने के साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान मलबे से 14 घायलों को बाहर निकाला गया है जिनमें से कुछ लोगों की हालत नाजुक है।
आशंका जताई जा रही है कि हादसे के समय फैक्ट्री में महिलाओं और बच्चों समेत लगभग 100 लोग मौजूद थे।
उन्होंने बताया कि फैक्ट्री की कार्यसूची के मुताबिक विस्फोट के समय फैक्ट्री में 17 महिलाएं और 45 पुरूष काम कर रहे थे। इसके अलावा पहले की पाली के कुछ कर्मचारी भी फैक्ट्री के अंदर ही मौजूद थे। इस फैक्ट्री में पशुओं की चिकित्सा से संबंधित उत्पाद बनाए जाते थे।
पुलिस सूत्नों ने बताया कि फैक्ट्री के मालिक दो भाइयों शेख जहीर और शेख जफर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वे दोनों हादसे के बाद से फरार हैं जबकि फैक्ट्री के प्रबंधक मुनीर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि विस्फोट में फैक्ट्री के अलावा उससे सटे दो अन्य मकान भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के तुरंत बाद पास के मकानों को भी खाली करा लिया गया। उन्होंने बताया कि यह फैक्ट्री काफी संकरे इलाके में थी जिसके कारण राहत एवं बचाव कार्य के लिए भारी मशीनें यहां तक लाने में काफी दिक्कत आ रही है।
Related Articles: