वॉशिंगटन. लैरी ग्रेव्स बराक ओबामा नहीं हो सकते, लेकिन ओबामा की तरह दिखना ही उनके लिए काफी है। ओबामा का यह हमशक्ल इन दिनों खासी डिमांड में हैं। उद्घाटन से लेकर पर्सनल पार्टी तक में लोग उन्हें बुलाना चाहते हैं और इसके बदले उन्हें अच्छी-खासी रकम भी मिलती है।
यानी आप इसे ओबामा का प्रोफेशनल हमशक्ल भी कह सकते हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा, अमेरिका के इलेक्शन कैंपेन से लेकर नई सरकार के गठन तक का समय मेरे लिए प्राइम टाइम जैसा है। बराक ओबामा का लोग सम्मान करते हैं और यही वजह है कि तमाम लोग मुझे अपनी पार्टियों में बुलाना जरूरी समझते चाहते हैं। वैसे ग्रेव्स के लिए ओबामा जैसा दिखना ही काफी नहीं है।
ऐसे करते हैं तैयारी
ओबामा जैसा दिखने के लिए वह बढ़िया सा सूट पहनते हैं, मेकअप करते हैं, आईब्रो और होठों को काला करते हैं और नाक के पास नकली तिल चिपकाते हैं। यही नहीं ओबामा की खास आवाज के लिए भी उन्होंने कम मेहनत नहीं की है। वह कहते हैं, इतनी मेहनत मैं इसलिए करता हूं कि लोगों को कहीं से भी ऐसा नहीं लगे कि मैं हमशक्ल हूं।