कोलम्बो.मालदीव में फैली अस्थिरता के मद्देनजर वहां के अपदस्थ राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद का परिवार देश छोड़कर चला गया है और उसने श्रीलंका से पनाह मांगी है।
श्रीलंकाई समाचार पत्र 'द संडे लीडर' के अनुसार,नशीद की पत्नी लैला अली बुधवार रात यहां पहुंचीं। समाचार पत्र की रपट में यह नहीं बताया गया है कि उनके साथ और कौन-कौन हैं?
समाचार पत्र की वेबसाइट के अनुसार,श्रीलंका पहुंचने के बाद लैला अली ने राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे से फोन पर बात की। इसके बाद राजपक्षे ने मालदीव के नए राष्ट्रपति मोहम्मद वहीद को फोन कर नशीद की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कहा।
वहीद ने राजपक्षे को आश्वस्त किया कि नशीद को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा।
मालदीव का दौरा करेगा अमेरिकी दूत
इस बीच दक्षिण एशिया के निर्धारित दौरे पर निकले अमेरिका के वरिष्ठ दूत शनिवार को भी मालदीव जाएंगे। हिद महासागर में स्थित मालदीव नये राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण के बाद से हिंसा की चपेट में है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रपट के अनुसार विदेश विभाग की प्रवक्ता विक्टोरिया नुलैंड ने बुधवार को बताया कि विदेश विभाग में दक्षिण एवं मध्य एशिया मामलों के सहायक सचिव राबर्ट ब्लैक जूनियर मालदीव की राजधानी माले भी जाएंगे।
उन्होंने कहा कि ब्लैक मालदीव के नये राष्ट्रपति मोहम्मद वहीद से लगातार सम्पर्क में हैं। वाहिद मंगलवार को मोहम्मद नशीद की जगह राष्ट्रपति बने थे।
2008 में देश के पहले निर्वाचित राष्ट्रपति बने नशीद को जनता के तीन हफ्तों के विरोध प्रदर्शन के बाद पद से हटना पड़ा था। बाद में इन प्रदर्शनों में पुलिस भी शामिल हो गई।
प्रवक्ता ने कहा कि ब्लैक माले में सभी पक्षों से बात करेंगे और इस बीच हम उनसे शांत रहने एवं वार्ता करने की अपील कर रहे हैं।
Related Articles: