लक्ष्मी मित्तल ने ‘झूठ’ बोला : फ्रांस
फ्रांस के उद्योग मंत्री अनॉर्ड मॉन्टेबॉर्ग ने दुनिया की सबसे बड़ी स्टील कंपनी आर्सेलर मित्तल के प्रमुख लक्ष्मी मित्तल पर आरोप लगाए हैं। उनके मुताबिक, ‘मित्तल ने ‘ब्लैकमेलिंग’ और ‘झूठ’ का रास्ता अपनाया। जब से उन्होंने बेल्जियम में अपने छह कारखाने बंद करने की घोषणा की है वहां यही सब हो रहा है। वे अपनी बात पर ही कायम नहीं रहते हैं।’ अनॉर्ड ने कहा, ‘हम अब मित्तल को फ्रांस में देखना नहीं चाहते।’ उन्होंने यूरोपियन कमीशन से आर्सेलर मित्तल द्वारा बेल्जियम के कारखानों को बंद करने के फैसले पर गौर करने का भी आग्रह किया है।’
एक दिन पहले ही मित्तल ने कहा था, ‘यूरोप में कंपनी के उत्पादों की मांग लगातार घट रही है। यूरोपीय बाजार की स्थितियां बदतर हो रही हैं। इससे उन्हें बेल्जियम के छह प्लांट बंद करने का फैसला करना पड़ा।’
मित्तल की घोषणा से करीब 1300 से ज्यादा कर्मचारियों पर नौकरी जाने का संकट पैदा हो गया है। इससे गुस्साए कर्मचारियों और यूनियनों ने तत्काल हड़ताल का आह्वान किया। फ्रांस में दो ब्लास्ट फर्नेसों (भट्टियां) को बंद करने को लेकर मित्तल और फ्रांस के बीच नवंबर से ही उलझन चल रही है।