टोक्यो/हनोई. विश्व की दो आर्थिक महाशक्तियों चीन और जापान एक दूसरे को घेरने की पूरी तैयारी में जुटे है। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे इसी प्रयास में दक्षिण पूर्वी एशिया के देशों इंडोनेशिया और थाईलैंड की यात्रा करने वाले हैं। वह इस कड़ी में दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को ही वियतनाम की राजधानी हनोई पहुंच चुके हैं।
पूर्वी चीन सागर के एक द्वीप को लेकर हुए विवाद के बीच चीन का विरोध कर रहे देशों के साथ मिलकर जापान ने चीन की गोलबंदी शुरू कर दी है।
जापान के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री शिंजो आबे की सत्ता की बागडोर संभालने के बाद चीन का विरोध कर रहे इंडोनेशिया, थाईलैंड और वियतनाम जैसे देशों के प्रतिनिधियों की इसी हफ्ते प्रस्तावित यात्रा से चीन की त्योरियां चढ़ने की आशंका हैं। भौगोलिक रूप से पूर्वी चीन सागर से विभाजित दोनों देश दक्षिण पूर्वी एशिया में निवेश के मौके तलाशने में जुट गए हैं।