पाकिस्तान राष्ट्रपति बोले-देते रहेंगे कश्मीरियों को ‘मदद’
Agency
| Dec 21, 2012, 12:50PM IST

इस्लामाबाद. पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने कहा है कि उनका देश भारत के साथ कश्मीर मुद्दे का स्थायी हल चाहता है। इससे क्षेत्र में शांति और स्थायित्व आएगा। उन्होंने दोहराया कि उनका देश कश्मीरियों को मदद जारी रखेगा।
जरदारी गुरुवार को कराची में ऑल पार्टीज हुर्रियत कांफ्रेंस के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वे कश्मीरी जनता की इच्छा के अनुरूप कश्मीर समस्या का हल चाहते हैं। जरदारी अपनी पत्नी बेनजीर भुट्टो के शहादत दिवस समारोह पर पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी की तैयारियों का जायजा लेने कराची आए हैं।
उन्होंने यहां मीरवाइज उमर फारूक के नेतृत्व में आए हुर्रियत प्रतिनिधिमंडल से चर्चा की। यह प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद में पाकिस्तान के बड़े नेताओं से बातचीत के बाद कराची पहुंचा है। जरदारी ने दोहराया कि ‘जायज हक’ के लिए पाकिस्तान कश्मीरियों को राजनीतिक, नैतिक और राजनयिक समर्थन जारी रखेगा।
उन्होंने फारुक से संयुक्त राष्ट्र में हुई चर्चा का जिक्र किया। दुनिया से अपील की कि कश्मीरियों की समस्याओं पर ध्यान दे। बातचीत के दौरान जरदारी का बेटा बिलावल, कश्मीर मामलों के मंत्री मंजूर अहमद वट्टू और विदेश सचिव जलील अब्बास जिलानी भी थे।
हिना ने भी दिया था आश्वासन
बुधवार को पाकिस्तान की विदेशमंत्री हिना रब्बानी खर ने हुर्रियत प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की थी। उन्होंने भी कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान का पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया था। हुर्रियत नेताओं ने कुछ सुझाव भी दिए।








