Home >> International News >> Pakistan >> MUMBAI ATTACKS: In Pakistan, A Crucial Evidence Of Mumbai Attacks!
MUMBAI ATTACKS: पाकिस्तान में मिले अहम सबूत!
Agency
| Feb 10, 2013, 09:49AM IST

इस्लामाबाद. पाकिस्तान में लश्करे तैयबा के दो ट्रेनिंग शिविरों पर मारे गए छापों से मुंबई में हुए आतंकी हमलों के सबूत मिले हैं। ये छापे सिंध प्रांत में मारे गए थे। इनमें बड़ी संख्या में आपत्तिजनक सामग्री और मुंबई पर हमला करने वाले आतंकियों को हथियार बांटे जाने का विवरण मिला है।
यह जानकारी मुंबई हमले के संबंध में जिरह के दौरान शनिवार को कोर्ट में सामने आई। सुनवाई आतंकरोधी कोर्ट में रावलपिंडी की अडियाला जेल में चल रही है। यहां लखवी सहित सात लोगों पर मुकदमा चल रहा है।
संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) के उपनिदेशक फकीर मुहम्मद और इंसपेक्टर खालिद अवान ने कोर्ट में बचाव पक्ष के वकील से जिरह के दौरान ये सबूत पेश किए। जज चौधरी हबीब उर रहमान के सामने गवाहों से जिरह हुई।
बंद कमरे में चली सुनवाई के बाद एफआईए के वकील जुल्फिकार अली ने बताया कि मुहम्मद और अवान बहुत महत्वपूर्ण गवाह हैं। दूसरी ओर बचाव पक्ष के वकील ने कोर्ट से आग्रह किया कि भारत जाने वाले न्यायिक आयोग के कामकाज में कोई दखल न दिया जाए। चार गवाहों से जिरह के लिए यह आयोग मुंबई जा रहा है।
कहां मिले सबूत: कराची के लांधी क्षेत्र के यूसुफ गोठ और थट्टा जिले के मीरपुर सक्रो में लश्करे तैयबा के दो ट्रेनिंग शिविरों में।
क्या मिला: बहुत सारे आपत्तिजनक लेख, भारतीय शहरों के नक्शे, मुंबई पर हमला करने वाले आतंकियों को बांटे गए हथियारों का ब्योरा, हमलावरों द्वारा इस्तेमाल की गई दो नौकाओं की तस्वीरें, जिहादी साहित्य।
इनसे भी हुई जिरह: लश्करे तैयबा के ऑपरेशंस कमांडर जकीउर रहमान लखवी के वकील ख्वाजा हैरिस अहमद।









