इस्लामाबाद. पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच करने वाले एक वरिष्ठ अधिकारी की मौत हो गई है। पुलिस के मुताबिक, नेशनल अकाउंटबिलिटि ब्यूरो (एनएबी) के सहायक निदेशक कामरान फैजल ने खुदकुशी की है। उनका शव इस्लामाबाद के फेडरल लॉज के रूम से बरामद हुआ। जियो न्यूज ने दावा किया है कि वह रेंटल पावर केस से हटना चाहते थे। उन्होंने एनएबी महानिदेशक से इसकी अपील भी की थी।
फैजल उन दो अधिकारियों में से एक थे, जिन्हें राजा परवेश अशरफ के रेंटर पावर घोटाले की जांच सौंपी गई थी। बीते साल पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट ने प्रधानमंत्री और 20लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया था। घोटाले का यह मामला राजा के ऊर्जा मंत्री के कार्यकाल के दौरान हुआ था। उन पर भारी घूस लेने का आरोप है।
बुधवार को कोर्ट ने एनएबी को राजा को गिरफ्तार करने का आदेश दिया था, लेकिन एनएबी मुखिया फजीह बोखारी ने कोर्ट में प्रधानमंत्री के खिलाफ पर्याप्त सबूत न होने की बात कही थी।
अंदर की स्लाइड में पढ़ें पाकिस्तानी सेना में उच्चस्तरीय बदलाव...