नई दिल्ली. मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद ने कहा है कि पुलिस और सेना के अफसरों ने उन्हें बंदूक की नोक पर इस्तीफा देने के लिए मजबूर कर दिया था। नशीद ने मालदीव के नए राष्ट्रपति मोहम्मद वहीद से अपना पद छोड़ने की मांग की है। नशीद के इस बयान के बाद मालदीव में लोग सड़कों पर उतर आए हैं। नशीद के समर्थकों और पुलिस, सेना के बीच झड़प चल रही है। माले शहर के कई रास्तों को रोक दिया गया है।
वहीं, दूसरी तरफ से भारत ने मालदीव के नए राष्ट्रपति मोहम्मद वहीद को पूरी मदद देने का भरोसा दिया है। मालदीव के नए राष्ट्रपति वहीद ने भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से फोन पर बातचीत में मुलाकात के लिए समय मांगा है। गौरतलब है कि उदारवादी माने जाने वाले नशीद के खिलाफ कई हफ्तों से चल रहे प्रदर्शन को सेना और पुलिस की तरफ से समर्थन मिलने के बाद मंगलवार को नशीद ने अपना पद छोड़ दिया था। इसके बाद उपराष्ट्रपति वहीद को मालदीव का नया राष्ट्रपति बनाया गया।