तेहरान.ईरान में प्रतिबंधित खिलौनों की सूची में बार्बी डाल के बाद अब दुनिया भर के बच्चों के बीच मशहूर कार्टून चरित्न 'सिम्पसन' के रंग रूप के आधार पर बने गुड्डे-गुड़ियों का नाम भी शुमार हो गया है।
स्थानीय अखबार (शार्घ)ने सोमवार को यहां बताया कि सरकारी एजेंसी (बाल एवं युवा बौद्धिक विकास संस्थान)ने देश में पश्चिमी सभ्यता के प्रचार प्रसार पर रोक लगाने के मकसद से इन गुड्डे-गुड़ियों की बिक्री पर रोक लगा दी है। हालांकि संस्थान ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि इन खिलौनों को काली सूची में क्यों डाला गया है।
संस्थान ने केवल इतनी दलील दी है कि जिन गुड्डे-गुड़ियों को देखकर शारीरिक भिन्नता का बोध हो अथवा जिनका ढांचा वयस्कों के शारीरिक ढांचे जैसा हो,उन सभी की बिक्री पर देश में प्रतिबंध लगा दिया जाएगा।
गौरतलब है कि जनवरी में पुलिस ने बार्बी डाल बेच रही दर्जनों दुकानों को बंद करा दिया था। वर्ष 1979 में हुई इस्लामी क्रांति के बाद से ईरान सरकार देश से पश्चिमी संस्कृति के प्रभाव को पूरी तरह मिटाने के लिए लड़ाई लड़ रही है।
Related Articles: