अमेरिका नौसेना के जहाज की फायरिंग में भारतीय की मौत

अबु धाबीः फारस की खाड़ी में एक अमेरिकी नौसेना के जहाज की एक छोटी नाव पर फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन घायल हो गए। घटना स्थानीय समयानुसार सोमवार दोपहर ढाई बजे की है।
संयुक्त अरब अमीरात के जल क्षेत्र में अमेरिका के जहाज यूएसएनएस रेप्पहेनॉक ने .50 केलिबर की मशीनगन से एक छोटी मोटरबोट पर अंधाधुंध फायरिंग की जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन घायल हुए। मोटरबोट पर सवार सभी भारतीय थे।
यूएई के विदेश मंत्री तारेक अल हेदान के मुताबिक एक भारतीय मछुआरे की मौत हुई है और तीन गंभीर रूप से घायल हैं। अभी यूएई में भारतीय दूतावास ने घटना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
वहीं अमेरिकी अधिकारियों ने अपनी नौसेना का बचाव करते हुए कहा है कि मोटरबोट तेजी से जहाज की ओर बढ़ रही थी, कई बार चेतावनियां देने के बाद भी जब वो नहीं रुकी तो जहाज को मजबूरन फायरिंग करनी पड़ी।
घटना को गंभीरता से लेते हुए भारतीय विदेश मंत्रालय ने जांच शुरु कर दी है। विदेश मंत्री एसएम कृष्णा ने घटना के बारे में यूएई से अधिक जानकारी मांगी है।








