पाक ने एक घंटे में यूट्यूब को दोबारा कर दिया बैन
Agency
| Dec 30, 2012, 12:52PM IST

इस्लामाबाद. पाकिस्तान ने शनिवार को यूट्यूब पर पाबंदी हटाई। लेकिन एक घंटे बाद ही इस रिपोर्ट के बाद प्रतिबंध फिर लगा दिया कि अब भी इसपर इस्लाम विरोधी फिल्म ‘इनोसेंस ऑफ मुस्लिम्स’ देखी जा सकती है। तीन माह पहले इसी फिल्म की वजह से प्रतिबंध लगाया गया था।
पाकिस्तान के गृह मंत्री रहमान मलिक ने शुक्रवार को ट्वीट किया था कि यूट्यूब पर से 24 घंटे में पाबंदी हटाई जाएगी। इसके मुताबिक पाक टेलीकॉम अथारिटी ने दोपहर में इंटरनेट सेवा प्रदाताओं और मोबाइल फोन कंपनियों को यूट्यूब खोलने के निर्देश दिए।
लेकिन इसी दौरान इस्लाम विरोधी फिल्म ‘इनोसेंस ऑफ मुस्लिम्स’ को यूट्यूब पर देखे जा सकने की मीडिया रिपोर्ट आई। इस पर एक घंटे बाद ही प्रधानमंत्री रजा परवेज अशरफ ने फिर से पाबंदी लगाने के आदेश दिए।
यूट्यूब की मांग - मलिक ने कई वर्गों से यूट्यूब को खोलने की मांग को देखते हुए इस पर पाबंदी हटाने के बारे में कहा था। उन्होंने कहा कि था कि टेलीकॉम अथारिटी मजबूत साफ्टवेयर हासिल कर रही है जिससे अश्लील और ईशनिंदा से जुड़ी सामग्री को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया जाएगा। ‘इनोसेंस ऑफ मुस्लिम्स’ फिल्म के विरोध में पूरी दुनिया के साथ पाकिस्तान में भी जमकर प्रदर्शन हुए थे। इनमें 23 लोग मारे गए थे। अरबों रुपए की संपत्ति का नुकसान हुआ था। सितंबर में यूट्यूब को ब्लॉक कर दिया गया था।








