पाक ने इस्लामी देशों के सामने अलापा कश्मीर राग
Agency
| Feb 07, 2013, 10:20AM IST

इस्लामाबाद. पाकिस्तान ने अब इस्लामी देशों के सामने कश्मीर राग का रोना रोया है। पाकिस्तान की विदेशमंत्री हिना रब्बानी खर ने कहा है कि भारत-पाक एलओसी पर सीमा उल्लंघन के मामले की ओआईसी (इस्लामी सहयोग संगठन) जांच करवाए। उन्होंने कश्मीर मामले में समर्थन के लिए इस्लामी देशों को धन्यवाद भी दिया।
उन्होंने काहिरा में ओआईसी कान्टेक्ट ग्रुप ऑन कश्मीर की बैठक में सोमवार को कहा, ‘हम एलओसी पर संघर्षविराम के ताजा उल्लंघन की ओआईसी फैक्ट फांइंडिंग कमेटी से जांच का स्वागत करेंगे।’ उन्होंने कहा कि पाकिस्तान संयुक्त राष्ट्र पर्यवेक्षक दल से भी जांच करवाने को तैयार है। उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान ने पर्यवेक्षक दल से जांच का मुद्दा सुरक्षा परिषद में भी उठाया था जिसे भारत ने पुरजोर तरीके से ठुकरा दिया था।
सीमा पर पिछले महीने संघर्षविराम का भीषण उल्लंघन हुआ था। पाकिस्तान के सैनिकों ने दो भारतीय सैनिकों की नृशंस हत्या कर दी थी तथा एक सैनिक का सिर काट कर ले गए थे। पाकिस्तान की सेना ने दावा किया है कि उसने ऐसा कुछ नहीं किया है।
खर ने आरोप लगाया कि संघर्षविराम के दौरान भारतीय राजनेताओं ने नकारात्मक और आक्रामक बयान दिए। उन्होंने दावा किया उस दौरान पाकिस्तान ने बहुत संयम बरता।
पाकिस्तान की विदेशमंत्री खर ने इस्लामी देशों को बताया कि उन्होंने भारत के विदेश मंत्री से कह दिया है कि दक्षिण एशिया में स्थायित्व के लिए कश्मीरी लोगों की परेशानियां दूर करनी होंगी। खर ने दोहराया कि पाकिस्तान संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव के आधार पर कश्मीरियों की इच्छाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।







