पाकिस्तान में उथलपुथल: पीएम गिलानी को बड़ा झटका
इस्लामाबाद. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रज़ा गिलानी को बड़ा झटका लगा है। वहां की सुप्रीम कोर्ट ने प्रधानमंत्री यूसुफ रज़ा गिलानी को अयोग्य घोषित कर दिया है।
इस आदेश के साथ गिलानी का बतौर प्रधानमंत्री पद खाली हो गया है और उनके नेतृत्व वाली कैबिनेट के फैसलों की कानूनी अहमियत खत्म हो चुकी है। सुप्रीम कोर्ट का आदेश बीती 26 अप्रैल से लागू हुआ है।
अगले प्रधानमंत्री की दौड़ में गिलानी कैबिनेट के तीन नाम हैं। पहला नाम ऊर्जा मंत्री चौधरी अहमद मुख्तार का है। दूसरा कपड़ा मंत्री मखदूम शहाबुद्दीन और तीसरा विदेश मंत्री हिना रब्बानी खर का चल रहा है। नया प्रधानमंत्री चुनने के लिए देर रात तक पीपीपी संसदीय दल की बैठक चली। खबर है कि गिलानी ने अगले पीएम के लिए मखदूम का नाम आगे किया है।
इसका मतलब है कि 26 अप्रैल के बाद गिलानी के नेतृत्व में उनकी कैबिनेट के तकरीबन सभी फैसले कानूनी तौर पर खारिज कर दिए गए हैं।








