हिंदू मंदिरों की हिफाजत करेगा पाकिस्तान

इस्लामाबाद.पाकिस्तान के एक मंत्री ने रविवार को कहा कि अल्पसंख्यकों से सम्बंधित धार्मिक स्थलों की हिफाजत की जाएगी। इसके पहले पंजाब में एक मंदिर पर अवैध कब्जे को लेकर हिंदुओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
समाचार एजेंसी ऑनलाइन के अनुसार,राष्ट्रीय सद्भाव के प्रभारी मंत्री पॉल भट्टी ने कहा कि हिंदू मंदिरों की हिफाजत के लिए सभी कदम उठाए जा रहे हैं।
ज्ञात हो कि नारोवाल जिले में जफरवाल के 30 से अधिक हिंदुओं ने मंदिर से कब्जे हटाने की मांग को लेकर यहां नेशनल प्रेस क्लब के सामने प्रदर्शन किया।
भट्टी ने कहा कि अल्पसंख्यकों के धार्मिक स्थलों पर कब्जा करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। उन्होंने मुद्दे को जल्द से जल्द सुलझाने का अधिकारियों को आदेश दिया।
भट्टी ने कहा,"अंतर धार्मिक सद्भाव केवल अंतर धार्मिक रिश्ते से ही हासिल किया जा सकता है। हमें एक-दूसरे के विचारों को समझने के लिए आपस में बातचीत करनी चाहिए।"






