Home >> International News >> Pakistan >> Rehman Malik Orders Probe By FIA Into Death Of Indian Prisoner In Pakistan
मलिक ने दिए भारतीय कैदी चंबैल सिंह की मौत की जांच के आदेश
Agency | Feb 05, 2013, 12:09PM IST

इस्लामाबाद. पाकिस्तान के गृहमंत्री रहमान मलिक ने कोट लखपत जेल में कैद भारतीय नागरिक चंबैल सिंह की मौत के जांच के आदेश दे दिए हैं।
उन्होंने यह जानकारी अपने ट्विटर अकाउंट से दी। 15 जनवरी को चंबैल सिंह की मौत हुई थी। जेल प्रशासन पर उन्हें पीट-पीट कर मार डालने का आरोप है।
मलिक ने सोमवार को ट्विटर पर लिखा कि मैंने संघीय जांच एजेंसी को चंबैल सिंह की मौत की जांच के आदेश दे दिए हैं। वह ट्विटर पर एक भारतीय के पोस्ट का जवाब दे रहे थे, जिसमें आरोप लगाया गया है कि सिंह की मौत पाकिस्तान की जेल में पिटाई से हुई थी।
लाहौर प्रशासन ने पहले उस समय सिंह की मौत की न्यायिक जांच किए जाने के आदेश दिए थे। मामला तब उठा था जब एक दूसरे कैदी और वकील तहसीन खान ने आरोप लगाए थे कि कोट लखपत जेल के कर्मचारियों ने सिंह की पीट-पीट कर मार डाला।
जबकि जेल अधिकारियों ने इन आरोपों को गलत ठहराया था। अधिकारियों का कहना था कि सिंह की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई। चंबैल को 15 जनवरी को जिन्ना अस्पताल ले जाया गया था, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की न्यायिक जांच अभी पूरी नहीं हुई है क्योंकि जिन्ना अस्पताल में उसके शव का पोस्टमार्टम ही नहीं हुआ है। शव अस्पताल के मुर्दाघर में रखा है।
इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग ने पाकिस्तान के अधिकारियों से कहा था कि वे सिंह का शव सौंपने की कार्यवाही जल्द पूरी करें। सिंह को 2010 में जासूसी के आरोप में पांच साल की सजा सुनाई गई थी। कोट लखपत जेल में अभी 33 भारतीय बंद हैं।







