काराकोरम के कुछ ग्लेशियर्स पर बढ़ रही बर्फ
एजेंसी
| Apr 17, 2012, 12:52PM IST

नेशनल सेंटर फॉर साइंटिफिक रिसर्च और यूनिवर्सिटी ऑफ ग्रेनोबेल के वैज्ञानिकों ने सैटेलाइट से ली गई तस्वीरों के आधार पर यह दावा किया है। तस्वीरें 1999 से 2008 के बीच दो अलग-अलग भागों से ली गईं।
शोधकर्ताओं की रिपोर्ट नेचर जियोसाइंस जर्नल के ताजा अंक में प्रकाशित हुई है। वैज्ञानिकों के मुताबिक हिमालय के पश्चिमी क्षेत्र में काराकोरम के ग्लेशियरों में इस तरह के बदलाव दिख रहे हैं। हालांकि इस बदलाव का कारण साफ तौर पर पता नहीं लग पाया है। वैज्ञानिकों के दल की प्रमुख जूली गार्डेल का अनुमान है कि क्षेत्र विशेष में सर्दी का तेजी से बढ़ना इसकी वजह हो सकता है।
बेहद दुर्गम है यह इलाका
कराकोरम का यह इलाका चीन,पाकिस्तान व भारत में फैला हुआ है। इसी इलाके में दुनिया की दूसरी सबसे ऊंची चोटी के-2 भी है। इन ग्लेशियरों में दुनिया की तीन फीसदी बर्फ फैली हुई है। हालांकि अभी तक कराकोरम की स्थिति अस्पष्ट ही रही है। इस क्षेत्र के काफी ऊंचाई एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में फैले होने के कारण वैज्ञानिकों के लिए यहां के ग्लेश्यिरों का अध्ययन कर पाना असंभव सा रहा है।
5615 किलोमीटर क्षेत्र में अध्यन
यह अध्ययन चीन की यारकांत नदी एवं पाकिस्तान की सिंधु नदी के बीच 5615 वर्ग किमी में कराकोरम इलाके की उपग्रह जांच पर आधारित है। यह इलाका सियाचिन ग्लेशियर के बाहर पड़ता है। इस्लामाबाद के सस्टेनेबिल डेवलेपमेंट पॉलिसी इंस्टीट्यूट के अनुसार पिछले 35 वर्षो में सियाचिन ग्लेशियर दस किमी तक सिकुड़ चुका है।





