मैक्सिको सिटी में अनोखी मुहिम हथियार दो, टैब-साइकिल लो
Agency
| Dec 30, 2012, 11:18AM IST

मैक्सिको सिटी। मैक्सिको की राजधानी मैक्सिको सिटी में लोगों के बीच हथियारों के चलन पर लगाम लगाने के लिए स्थानीय प्रशासन ने अनोखी योजना शुरू की है। इसके अनुसार यदि कोई व्यक्ति मर्जी से अपने हथियार पुलिस के पास जमा करता है तो बदले में उसे टैबलेट, साइकिल, खिलौने और नकद पैसे देने का ऑफर दिया जा रहा है।
यहां के इज्टापालापा बारो में शुरू हुए इस कार्यक्रम को ‘फॉर योर फैमिली : वालंटरी डिसआर्मामेंट’ नाम दिया गया है। इस इलाके में विभिन्न कार्यक्रमों और समारोहों के दौरान हिंसा होती रही है। 10 नवंबर को एक सिनेमा हॉल में हुई गोलीबारी के दौरान 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई थी।
गैंगवार ने ली 12000 जान : मैक्सिको में ड्रग्स स्मगलिंग से संबंधित हिंसा आम है। अकेले 2011 में ही करीब 12000 व्यक्तियों की हत्या की गई। उधर, अमेरिका में 10 प्रतिशत ड्रग आपूर्ति यहीं से की जाती है। आपूर्ति मार्गो पर नियंत्रण के लिए विभिन्न गैंग्स हिंसा का सहारा लेते हैं।
एक अनुमान के मुताबिक ड्रग्स आपूर्ति से हर वर्ष करीब 13.6 बिलियन डॉलर से 49.4 बिलियन डॉलर तक की कमाई की जाती है।
जमा हुए 92 हथियार
बारो के अध्यक्ष जीजस वैलेंसिया ने ट्विटर पर बताया कि स्थानीय लोगों ने अब तक 27 राइफलें और 65 पिस्तौलें जमा कराई हैं। इनके बदले उन्हें साइकिल, टैबलेट या नकद राशि दी गई है।






