अमेरिका में भारतीय को रेल की पटरी पर फेंका
Agency | Dec 30, 2012, 11:49AM IST

न्यूयॉर्क। एक 46 वर्षीय भारतीय नागरिक की पटरी पर फेंके जाने से मौत हो गई। सुनंदो सेन नामक भारतीय क्वींस के भूमिगत रेल के प्लेटफार्म पर गुरुवार की रात को खड़े थे। उन्हें पीछे से एक महिला ने रेल के आते ही धक्का दे दिया था।
इससे उनका शव रेल के पहिए के नीचे आने से बुरी तरह से कुचल गया। इससे पहचान करना मुश्किल हो गया था। उनके मोबाइल फोन और दवा की बोतल से पहचान हो पाई।
सेन ने इस साल ही अपर वेस्ट साइड में फोटोकापी और प्रिंटिंग का व्यवसाय शुरू किया था। न्यूयार्क पुलिस कमिश्नर रेमंड कैली ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस संदिग्ध महिला की तलाश कर रही है। जो घटना के तत्काल बाद भीड़ के बीच गायब हो गई थी।
पुलिस को एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि महिला सेन के बहुत ही करीब बैठी थी। इसके बाद अचानक उसने उन्हें धक्का दे दिया । हालांकि यह पता नहीं चल पाया कि मृतक को उक्त महिला पहले से जानती थी या नहीं। न्यूयार्क टाइम्स ने उनके रूममेट के हवाले से अपनी खबर में बताया गया है कि सेन ने विवाह नहीं किया था। उनके माता -पिता की मौत हो चुकी है।
सुराग देने वाले को मिलेगा छह लाख 50 हजार का इनाम
न्यूयॉर्क पुलिस ने सेन को धक्का देने वाली महिला का सुराग देने वाले को इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस महिला को पकड़वाने वाले को 12 हजार अमेरिकी डालर (करीब 6,50000 रुपए) देगी। इससे पहले पुलिस ने महिला का धुंधला ब्लैक एंड वाइट वीडियो भी जारी किया है। इसके पोस्टर भी क्वींस बस वे पर लगाए गए हैं।







