'फैल रहा है एड्स, खबरदार जो अगले 5 साल तक किसी ने शादी की'
Source: Dainikbhaskar.com | Last Updated 10:39(26/12/11)
न्यूज डेस्क. कहा जाता है ताकत का गुरूर एक इंसान को घमंडी बना देता है। फिर वो ऐसे फैसले लेता है जिसे पागलपन के सिवा और कुछ नहीं कहा जा सकता। अफ्रीकी देश स्वाजिलैंड के राजा स्वाती III भी एक ऐसे ही तानाशाह हैं।
दुनिया के तानाशाह नेताओं को यदि याद किया जाए तो बेनिटो मुसलोनी, जोसेफ स्टालिन, हिटलर और सद्दाम हुसैन जैसे नाम जहन में आते हैं, लेकिन वर्तमान में अफ्रीकी देश का यह राजा तानाशाही का जीता-जागता उदाहरण है।
स्वाजीलैंड के राजा स्वाती का नाम दुनिया के अंतिम पूर्ण सम्राटों में गिना जाता है। ब्रिटेन से उच्च शिक्षा हासिल करने वाले स्वाती ने एक ऐसा फैसला लिया था जिसे सुनकर उन्हें सिर्फ सनकी ही कहा जा सकता है।
साल 2001 में जब स्वाजीलैंड एड्स महामारी से ग्रस्त हुआ था, तब स्वाती ने इस समस्या से निपटने के लिए 18 साल से कम उम्र की महिलाओं के सेक्स करने पर प्रतिबंध लगा दिया था। स्वाती ने यह आदेश जारी किया था कि कोई भी लड़की अगले पांच साल तक यौन संबंध नहीं बना सकती। यह प्रतिबंध 9 सितंबर 2001 से शुरू होकर 19 अगस्त 2005 तक लगाया गया था।
एड्स की रोकथाम के लिए लगाया गया यह प्रतिबंध वाकई अजीब था। हालांकि प्रतिबंध लगाने के दो महीने बाद स्वाती ने खुद ही इसका उल्लंघन कर दिया था। उन्होंने नवंबर में एक 17 साल की लड़की को अपनी 13वीं पत्नी बना लिया था। इसके लिए उन पर एक गाय का जुर्माना लगाया गया था।
इससे एक साल पहले ही स्वाती ने अपने एक बयान से सबको हैरत में डाल दिया था। स्वाती ने कहा था कि सभी HIV पॉजिटिव लोगों को बांझ कर देना चाहिए और उन्हें घोषित कर देना चाहिए।