बशर अल असद के प्रस्ताव में कोई दम नहीं: अमेरिका
Agency
| Jan 07, 2013, 15:45PM IST

वॉशिंगटन. अमेरिका ने सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल-असद की ओर से प्रस्तावित शांति योजना को वास्तविकता से परे बताया और कहा है कि इससे एक बार फिर साबित होता है कि उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। असद ने रविवार को देश में संकट के समाधान के लिए एक योजना पेश की थी, जिसमें एक राष्ट्रीय सुलह सम्मेलन, नई सरकार का गठन तथा राजनीतिक माफी देने की बातें शामिल थीं।
अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता विक्टोरिया नूलैंड ने इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि बशर अल-असद का रविवार का भाषण सत्ता से चिपके रहने की एक और कोशिश है। इसमें सीरियाई नागरिकों के लक्ष्य की दिशा में कुछ नहीं है, जो देश में सत्ता परिवर्तन चाहते हैं। उन्होंने कहा कि असद ने वैधानिकता खो दी है। उन्हें राजनीतिक समाधान से खुद को दूर रखना चाहिए और सीरिया के लोगों की आकांक्षाओं के अनुरूप देश में लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता परिवर्तन होना चाहिए।
गौरतलब है कि टेलीविजन पर प्रसारित अपने एक विशेष भाषण में असद ने समर्थकों की तारीफ की थी, जबकि विपक्ष को 'पश्चिम के हाथों की कठपुतली' करार देते हुए उनकी निंदा की थी। उन्होंने यह भी कहा था कि सीरिया अपने मालिक के साथ बातचीत करना चाहता है, न कि नौकरों के साथ। असद ने 'सीरिया के साथ धोखा करने वालों' को सुलह सम्मेलन से दूर रखने की बात कही थी।






