Home >> International News >> International >> Weeks After Death Of Savita Halappanavar, Ireland To Legalise Abortion
गर्भपात कानून उदार बनाएगा आयरलैंड
Agency
| Dec 19, 2012, 10:31AM IST

लंदन. भारतीय मूल की डॉ. सविता हलप्पनवार की मौत के बाद आलोचना के घेरे में आया आयरलैंड अब गर्भपात कानून उदार बनाएगा। इसके तहत यदि मां की जान को खतरा है तो गर्भपात की इजाजत होगी। अभी यहां भ्रूण में सांस रहने तक गर्भपात करना कानूनन अपराध है।
‘द टेलीग्राफ’ के मुताबिक सरकार ने गर्भपात करने को आपराधिक कृत्य की श्रेणी से हटाने का निर्णय लिया है। इसके लिए कानून में संशोधन किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री जेम्स रेली ने ‘द टेलीग्राफ’ से कहा, ‘मुझे पता है कि इस मामले में सभी के अपने-अपने विचार हैं। लेकिन सरकार सुनिश्चित करना चाहती है कि आयरलैंड में गर्भवती महिला की जान सुरक्षित रहे।’
गत 28 अक्टूबर को सविता की गालवे अस्पताल में मौत हो गई थी। उन्हें 17 सप्ताह का गर्भ था। संक्रमण होने के बाद उनका गर्भपात जरूरी हो गया था। लेकिन डॉक्टरों ने कानून का हवाला देकर इससे इनकार कर दिया। सविता की मौत के बाद आयरलैंड, भारत समेत कई देशों में इस कानून की आलोचना हुई थी। प्रदर्शन भी हुए। इसमें कानून बदलने की मांग की गई।






