अरब महिलाओं के लिए खुल रहे जॉब के मौके
Agency
| Feb 05, 2013, 12:09PM IST

रियाद. सऊदी अरब में महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलते जा रहे हैं। आने वाले समय में सऊदी अरब की महिलाओं को फार्मेसी के क्षेत्र में भी काम करने की अनुमति मिलने की संभावना है।
अब तक इस क्षेत्र में केवल पुरुषों का ही एकछत्र अधिकार है लेकिन सऊदी अरब के श्रम मंत्री अदेल फाकीह ने एक बयान में कहा है कि महिलाओं को जल्द ही फार्मेसी के क्षेत्र में काम करने की अनुमति दी जाएगी।
फाकीह ने एक निजी व्यावसायिक कार्यक्रम के दौरान कहा कि उनका मंत्रालय फार्मेसी के क्षेत्र में महिलाओं के रोजगार की स्थिति में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कार्यरत है। गौरतलब है कि जनवरी 2011 में श्रम मंत्रालय के निर्णय के बाद ही महिला उत्पाद बेचने वाली दुकानों पर पुरुषों को हटाकर महिलाओं की नियुक्ति शुरू कर दी गई थी।
इसी साल 11 जनवरी को सऊदी राजा अब्दुल्लाह बिन अब्दुल्लाह अजीज ने भी महिलाओं के पक्ष में एक फरमान जारी किया था। इसके तहत देश की शीर्ष संस्था शुरा काउंसिल में 30 महिलाओं की नियुक्ति की जाएगी।







