वीरू से फिर हार गया राजस्थान

जयपुर. हार का बदला लेने के इरादे से मैदान पर उतरी राजस्थान रॉयल्स टीम को एक बार फिर दिल्ली के दबंगों से मुंह की खानी पड़ी। मंगलवार को यहां एसएमएस स्टेडियम पर खेला गया मैच दिल्ली डेयरडेविल्स ने छह विकेट से जीता। दिल्ली की रॉयल्स पर यह लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले 29 अप्रैल को उसने घरेलू मैदान पर रॉयल्स को एक रन से शिकस्त दी थी।
पहले खेलते हुए रॉयल्स ने कप्तान द्रविड़ के अर्धशतक (57) की मदद से 6/141 रन बनाए। दिल्ली ने 15.2 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। पीटरसन ने 36 रन बनाए। रॉयल्स की यह लगातार चौथी हार है। रॉयल्स का अगला मुकाबला पांच मई को मोहाली में किंग्स इलेवन पंजाब से होगा।
जीत के हीरो गेंदबाज पवन नेगी और सहवाग
दिल्ली की जीत के हीरो खब्बू स्पिनर पवन नेगी व कप्तान वीरेंद्र सहवाग रहे। नेगी ने जहां कॅरिअर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करते हुए 18 रन पर चार विकेट लिए, वहीं सहवाग ने 73 रन की पारी खेलते हुए लगातार पांचवां अर्धशतक जमाया। सहवाग ने टी-20 क्रिकेट का नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले कोई बल्लेबाज लगातार पांच अर्धशतक जमाने का कारनामा नहीं कर पाया। सहवाग और नमन ओझा के लगाए छक्कों पर दो गेंदें दर्शक दीर्घा में कहीं खो गईं।
नेगी ने पलटा रुख
मैन ऑफ द मैच पवन नेगी का स्पैल (4/18) मैच का टर्निंग प्वाइंट रहा। उन्होंने रहाणे, वाटसन, हॉज व मेनारिया जैसे धुरंधर को आउट किया। उनके इस स्पैल में रॉयल्स की रन गति पर रोक लग गई और टीम बड़ा स्कोर नहीं खड़ा कर सकी। उनके स्पैल का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 10.2 ओवर से 15 ओवर तक रॉयल्स एक भी चौका नहीं लगा सके।
द्रविड़ और रहाणे भी बने मैच के हीरो
टॉस जीतकर पहले खेलने उतरी रॉयल्स टीम को द्रविड़ (57) व अजिंक्या रहाणे (42) ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 52 गेंदों पर 71 रन की साझेदारी की। द्रविड़ ने इस लीग का दूसरा अर्धशतक जमाया। इससे पूर्व उन्होंने जयपुर में ही बेंगलूर के खिलाफ 58 रन बनाए थे। रहाणे ने 32 गेंदों की पारी में सात चौके जमाए। हालांकि वे लीग के सर्वश्रेष्ठ स्कोरर (458) बने हुए हैं।
खराब शॉट खेल फ्लॉप रहे रॉयल्स के धुरंधर
द्रविड़ व रहाणे के अलावा कोई बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टिक सका। खराब शॉट खेलने का सिलसिला रहाणे ने शुरू किया था, जो जारी रहा। वाटसन (8) जहां नेगी की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में बोल्ड हुए, वहीं शाह (1), हॉज (1) व मेनारिया (2) ने भी खराब शॉट पर विकेट गंवाए। ऐसा लग रहा था, जैसे इनमें जल्दी पैवेलियन लौटने की होड़ मची हो।
केपी का अंतिम मैच
राजस्थान रॉयल्स के शेन वाटसन का इस लीग में यह पहला मैच था। हालांकि वे बड़ी पारी नहीं खेल सके और आठ रन बनाकर आउट हो गए। वहीं दिल्ली डेयरडेविल्स के इंग्लिश बल्लेबाज केविन पीटरसन का इस लीग का यह आखिरी मैच था। केपी ने 36 रन की पारी खेली और एक कैच भी लपका।
पांच ओवरों में बदला खेल
राजस्थान रॉयल्स ने 10 ओवर में 1/80 रन बना लिए थे। इसके बाद के पांच ओवरों ने मैच की दिशा ही बदल दी। इन ओवरों में महज 29 रन बन सके और रॉयल्स के चार धुरंधर आउट हुए। इस सदमे से मेजबान टीम उबर नहीं सकी। इन पांच में से तीन ओवर पवन नेगी ने किए थे। तीन ओवरों में उन्होंने तीन विकेट लिए और 12 रन ही खर्च किए। चार ओवर में उन्होंने 18 रन देकर चार विकेट लिए।




