IPL: सात भारतीयों पर भारी पड़ रहे हैं चार विदेशी खिलाड़ी

नयी दिल्ली .आईपीएल-5 में रविवार तक हुए 41 मैचों में विदेशी खिलाडिय़ों का बोलबाला बना हुआ है। गेंदबाजी और छक्के मारने में सभी विदेशी जबकि चौके मारने और रन बटोरने में भारतीय प्लेयर्स आगे चल रहे हैं । आईपीएल में एक टीम से चार विदेशी और सात भारतीय खिलाड़ी ही खेल सकते हैं। जाहिर है कि सात भारतीयों पर चार विदेशी भारी पड़ रहे हैं।
25 छक्के क्रिस गेल के नाम
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर के क्रिस गेल ने आठ मैचों में कुल 25 छक्के लगाए हैं। पिछले साल 12 मैचों में उन्होंने सर्वाधिक 44 छक्के लगाए थे।
क्रिस गेल ने तीन बार आधा दर्जन या ज्यादा छक्के लगाए हैं। उन्होंने पुणे वॉरियर्स के खिलाफ आठ और चेन्नई सुपरकिंग्स व कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 6-6 छक्के जड़े।
सर्वाधिक छक्के मारने वालों की सूची के टॉप-5 में चार विदेशी सितारे हैं। इनमें क्रिस गेल के बाद दूसरे पायदान पर 19 छक्कों के साथ केविन पीटरसन( दिल्ली ),तीसेर पर 16 छक्कों के साथ प्लेसिस (चेन्नई) चौथे पायदान पर 16 छक्कों के साथ वीरेंद्र सहवाग (दिल्ली)और पांचवे स्थन पर 15 ओवेस शाह (राजस्थान) शामिल हैं ।
गेंदबाजी में विदेशी आगे
लीग में अब तक विदेशी गेंदबाज हावी दिख रहे हैं। टॉप-5 के सभी स्थानों पर विदेशी गेंदबाजों का कब्जा है। दिल्ली के मोर्ने मोर्केल 18 विकेट के साथ शीर्ष पर हैं।उनके बाद मलिंगा (मुंबई), 15 सुनील नारायण (कोलकाता), 11 डेल स्टेन (डेक्कन), 11 कीरोन पोलार्ड (मुंबई) ने भारतीय गेंदबाजों को कहीं टिकने नहीं दिया है ।
रन और चौकों में भारतीय आगे
सबसे ज्यादा रन जुटाने में अजिंक्या रहाणे (राजस्थान रॉयल्स) आगे हैं। उन्होंने अब तक 9 मैचों में 416 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक व दो अर्धशतक शामिल हैं। दूसरे स्थान पर सहवाग (दिल्ली, 9 मैच-372 रन) हैं। तीसरे स्थान पर मौजूद गेल (8 मैच-336 रन) व चौथे स्थान पर मौजूद डु प्लेसिस (चेन्नई) रहाणे व सहवाग को चुनौती दे रहे हैं। राजस्थान के ओपनर रहाणे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 9 मैचों में सर्वाधिक 53 चौके लगाए हैं। 39 चौैकों के साथ सहवाग दूसरे स्थान पर हैं।
लीग में अब तक दो ही शतक लगे हैं। ये शतक अजिंक्या रहाणे (राजस्थान, 103* वि. बेंगलूर) और केविन पीटरसन (दिल्ली, 103* वि. चार्जर्स) के नाम हैं।




