50 में 35 खराब, कैसे चलाएं सिटी बस - एसोसिएशन ने जर्जर बस चलाने किया इंकार

जमशेदपुर .शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर शनिवार को उपायुक्त कार्यालय में एडीएम अजीत शंकर ने शिक्षित बेरोजगार मिनी बस एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
मौके पर बसों की समय सारिणी को लेकर चर्चा हुई। बैठक में एडीएम ने जवाहरलाल नेहरू शहरी पुनरुत्थान मिशन योजना के तहत खरीदी गईं सिटी बस के परिचालन का प्रस्ताव दिया, जिसे एसोसिएशन के महासचिव संजय पांडेय ने ठुकरा दिया।
श्री पांडेय का कहना था कि दो साल पहले खरीदी गईं 50 में से 35 बसें खराब हैं। इनमें तकनीकी खराबी आ गई है और बैटरी गायब है। मालूम हो कि शहर में सिटी बसों का संचालन एक एजेंसी के मार्फत किया जाता है। प्रशासन सिटी बसों का परिचालन कारगर तरीके से करने के लिए प्रयासरत है।
इसके तहत नई व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा मिनी और सिटी बसों के लिए नई समय सारणी और नए सिरे से मार्ग का निर्धारण किया जाएगा। एडीएम ने एसोसिएशन से रविवार की शाम तक मिनी बसों की समय सारिणी और मार्ग की सूची यातायात डीएसपी राकेश मोहन सिन्हा को उपलब्ध कराने का आदेश दिया है।
नए सिरे से निर्धारित होगी समय सारिणी
जिला प्रशासन ने तय किया है कि पहले सिटी बसों के परिचालन के लिए समय निर्धारित किया जाएगा। इसके बाद मिनी बसों का समय तय होगा। समय निर्धारित करने के लिए एडीएम ने झारखंड टूरिज्म डेवलपमेंट कारपोरेशन के एमडी सुनील कुमार और क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के सचिव उदय प्रताप सिंह से बात की है। अधिकारियों ने एडीएम को भरोसा दिया है कि मार्ग और समय निर्धारण करने के लिए प्रशासन बैठक की तिथि तय करे, वे दोनों शामिल होंगे।
एसोसिएशन की बैठक आज
सिटी बसों के परिचालन को लेकर शिक्षित बेरोजगार मिनी बस एसोसिएशन की बैठक रविवार को साकची स्थित कार्यालय में 11 बजे से आयोजित की गई है। यह जानकारी महासचिव संजय पांडेय ने दी है।
मरम्मत के लिए एक करोड़ की जरूरत
रांची, धनबाद और जमशेदपुर में खराब पड़ी बसों की मरम्मत के लिए पर्यटन निगम ने नगर विकास विभाग से एक करोड़ रुपए उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। निगम के प्रबंध निदेशक सुनील कुमार ने दैनिक भास्कर को यह जानकारी शनिवार को फोन पर दी। उन्होंने बताया कि जमशेदपुर में 35 सिटी बसों के खराब होने की सूचना है। इनमें से अधिकतर की बैटरी खराब है। बसों की तकनीकी खराबी को दूर किया जाएगा। बकाया रोड टैक्स और बीमा राशि का भुगतान किया जाएगा।
एक ही जगह पार्क होंगी बसें
राज्य पथ परिवहन के बारीडीह या एग्रिको डिपो में सभी बसों की पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। एडीएम ने बताया कि रात में सभी सिटी बसें एक ही स्थान पर पार्क की जाएंगी और सुबह एक साथ परिचालन के लिए निकलेंगी।
स्पेशल परपस व्हीकल कमेटी का होगा गठन
जमशेदपुर, धनबाद और रांची में सिटी बसों के संचालन के लिए स्पेशल परपस व्हीकल कमेटी के गठन की प्रक्रिया नगर विकास विभाग ने शुरू कर दी है। जिलास्तर पर गठित होने वाली समिति के अध्यक्ष उपायुक्त होंगी और नगर निकाय के विशेष पदाधिकारी व जिला परिवहन पदाधिकारी सदस्य होंगे। समिति के गठन से संबंधित संचिका फिलहाल वित्त विभाग के पास है।






