जमीन पर नोट गिरने का झांसा दिया और उड़ा लिए दो लाख रुपए

जमशेदपुर . बिष्टुपुर स्थित आईसीआईसीआई बैंक के पास सड़क पर नोट गिरने का झांसा देकर दो उचक्कों ने बिरसानगर जोन नंबर-चार निवासी व्यवसायी डेरेट परेरा के दो लाख रुपए गायब कर दिए। घटना शुक्रवार दोपहर लगभग 12.30 बजे की है। वे अपनी फोर्ड फिस्टा कार (जेएच05टी 7919) में बैठे थे, तभी उचक्कों ने उनके बैग को चुरा लिया।
बैग में दो लाख रुपए नकद, लैपटॉप व चार्जर और एक फाइल थी। यह सब इतनी तेजी से हुआ कि श्री परेरा समझ नहीं पाए। श्री परेरा जब कदमा के उलियान पहुंचे, तब उन्हें पता चला कि बैग गायब है। इसके बाद वे तुरंत बिष्टुपुर आए और आईसीआईसीआई बैंक व आसपास खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला। चोरी की शिकायत करने वे बिष्टुपुर थाना पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें बताया कि पोस्टऑफिस के पास एक लावारिस बैग पड़ा है। लोग डर से उसे उठा नहीं रहे हैं। श्री परेरा पोस्टऑफिस के पास पहुंचे। यहां उन्हें बैग तो मिला, लेकिन रुपए व लैपटॉप समेत अन्य सामान गायब थे।
व्यवसायी की कार से गायब किया बैग
व्यवसायी की कार से बैग लेकर बदमाश फरार हो गए। बाद में बैग पोस्ट ऑफिस के पास मिला, लेकिन उसमें से रुपए और लैपटॉप गायब थे। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए होटल और लॉज में छापामारी की जा रही है।
अवध कुमार, थाना प्रभारी, बिष्टुपुर
चालक से पूछा साकची का रास्ता
व्यवसायी श्री परेरा के अनुसार, आईसीआईसीआई बैंक के पास वे कार में बैठे थे। उनका कर्मचारी बैंक गया था और ड्राइवर कार के पीछे खड़ा था। इस बीच दो युवक आए। एक युवक ने चालक जीतेंद्र कुमार से साकची जाने का रास्ता पूछा। दूसरा युवक उनके पास आया और जमीन पर रुपए गिरे होने की बात कही। वे कार से उतरे और रुपए देखने लगे। इसी बीच बदमाश ने बैग गायब कर दिया। कर्मचारी के बैंक से लौटने के बाद वे उलियान गए, वहां देखा तो बैग गायब था। श्री परेरा ने बताया कि शक्ल से दोनों युवक दक्षिण भारतीय लग रहे थे।






