एक्सएलआरआई के छात्र पर फिदा हुई कंपनी अब लाखों में खेलेगा ये लाल

जमशेदपुर .जेवियर लेबर रिलेशन्स इंस्टीट्यूट (एक्सएलआरआई), जमशेदपुर में इस बार आशा के अनुरूप प्लेसमेंट नहीं रहा। कैंपस रिक्रूटमेंट प्रोग्राम (सीआरपी-2013) में अब तक 98 फीसदी छात्रों को ही नौकरी मिल सकी है। संस्थान की ओर से शुक्रवार को जारी सीआरपी रिपोर्ट में बताया गया है कि चार दिनों में केवल 98 फीसदी छात्रों को ही नौकरी
मिली। वैसे, कुल ऑफरों की संख्या छात्रों की संख्या से ज्यादा रही। कुल 240 छात्रों को 255 ऑफर मिले, जिसमें कुछ
छात्रों को एक से ज्यादा ऑफर मिले।
संस्थान के प्लेसमेंट को-ऑर्डिनेटर डॉ. राजीव मिश्रा ने बताया कि इस साल प्लेसमेंट उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा। संस्थान के एक भी छात्र को इंटरनेशनल ऑफर नहीं मिला। डोमेस्टिक ऑफरों का पैकेज भी पिछले साल से कम रहा। पिछले साल सर्वाधिक डोमेस्टिक ऑफर 40 लाख और इंटरनेशनल ऑफर सालाना डेढ़ लाख अमेरिकी डॉलर यानी 75 लाख का था। स्विटजरलैंड की कंपनी नोवारटिस ने इंटरनेशनल ऑफर दिए थे।
औसत सालाना वेतन में भी कमी
पिछले साल औसत सालाना वेतन 16.48 लाख रुपए रहा था, जबकि इस साल औसत सालाना वेतन 16.2 लाख है। इस बार 240 छात्रों में से 120 छात्रों का वेतन 16.2 लाख से कम और 120 छात्रों का वेतन 16.2 लाख से ज्यादा रहा। पिछले साल ऑफरों की संख्या भी ज्यादा थीं। गत वर्ष कुल 284 ऑफर मिले थे।
लैटरल ऑफर में कमी
इस साल संस्थान के छात्रों को लैटरल ऑफर भी कम मिले। पिछले साल 52 लैटरल ऑफर मिले थे। यही नहीं, प्री प्लेसमेंट ऑफर (पीपीओ) भी 72 थे, जिसकी संख्या इस साल 65 रही।
संस्थान में आईं 75 कंपनियां
संस्थान में आईं 75 कंपनियां
एफएमसीजी और मार्केटिंग कंपनियां : यूनिलीवर, प्रॉक्टर एंड गैम्बल, आईटीसी, क्राफ्ट, कैडबरी, एशियन पेंट्स, कैस्ट्रॉल, जीएसके कंज्यूमर हेल्थ केअर, कोका कोला, पेप्सी, लॉरियल, कोलगेट पामोलिव, पिडिलाइट, डॉ. रेड्डी, रेनबैक्सी, एयरटेल, वोडाफोन, टाटा मोटर्स, टाटा स्टील।
फाइनांस : स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक, सिटी बैंक, नोमुरा, गोल्डमैन सैक्स, एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई।
जेनरल मैनेजमेंट : आदित्य बिरला ग्रुप, कैर्न इनर्जी, रिलायंस इंडस्ट्री, लार्सन एंड टुब्रो, आरपीजी और महिंद्रा।
कंसल्टिंग : बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप, मैकंजी, गैलप, वेक्टर कंसल्टिंग, अन्स्र्ट एंड यंग, कॉग्निजेंट बिजनेस कंसल्टिंग, डॉयट, विप्रो कंसल्टिंग, प्राइस वाटर हाउस।
टेक्नोलॉजी : माइक्रोसॉफ्ट, इंफोसिस, टाइम्स इंटरनेट और माइंडी।







