21 साल, 5 कमेटियां, डेढ़ हजार पन्नों की रिपोर्ट, हुआ कुछ नहीं
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 08:53(10/02/12)
नई दिल्ली, बेंगलुरू, जयपुर, चंडीगढ़, रांची। ‘ऐसा गठजोड़ देश में समानांतर सरकारें चला रहा है। बिहार, हरियाणा, यूपी जैसे राज्यों में तो विदेशी एजेंसियों से संबंध रखने वाले आपराधिक गिरोह को नेताओं को संरक्षण मिला हुआ है।’ ये कहना था वोहरा कमेटी का। जो 1993 में नरसिंह राव सरकार द्वारा नेता, अफसर, पैसे वालों और अपराधियों की सांठगांठ की जांच के लिए बनाई गई थी। रिपोर्ट पर हुआ कुछ नहीं। इस तरह की कई रिपोर्टे मंत्रालयों में धूल खा रही हैं।
कर्नाटक के पूर्व लोकायुक्त जस्टिस संतोष हेगड़े ने साफ कहते हैं कि अकेले बेल्लारी में 600 से ज्यादा अफसरों ने माफिया और नेताओं से सांठगांठ कर कानूनों को मनमाफिक तोड़ा-मरोड़ रखा है। बात करते हैं गोस्वामी कमेटी की। जिसे 1990 में जनमोर्चा सरकार ने बनाया था। छह महीने में सौंपी अपनी रिपोर्ट में इसने राजनीतिक दलों का चंदा बंद करने की बात कही। अमल होने से पहले ही सरकार चली गई। कुछ ऐसा ही हश्र हुआ 1998 में बनी इंद्रजीत गुप्त समिति का। जिसने सरकारी खर्च पर चुनाव की संभावनाओं को टटोला तो गहराई से था। लेकिन सुझाव पर सरकार अमल करने की हिम्मत नहीं दिखा पाई। इसी मिलीभगत को 1999 में विधि आयोग नेताओं के नैतिक पतन के लिए जिम्मेदार ठहरा चुका है।
कलंक की अनेक कहानियां :
आरोपों के किस्से बनकर रह गईं कलंक की अनगिनत कहानियां
ये चर्चित रहे
एनडी तिवारी : आंध्रप्रदेश के राज्यपाल रहते 2009 में राजभवन में तीन महिलाओं से सेक्स करते पकड़ाए।
अमरमणि त्रिपाठी : यूपी के पूर्व मंत्री। 2003 में कवियत्री मधुमिता शुक्ला से अवैध संबंध और हत्या का आरोप।
हरकसिंह रावत : उत्तराखंड के पूर्व राजस्व मंत्री। 2003 में असमिया लड़की से बलात्कार का आरोप लगा।
मनमोहन सामल : ओडिशा के राजस्व मंत्री। 2008 में महिला के साथ अवैध रिश्ते रखने का आरोप। इस्तीफा दिया। हलप्पा : कर्नाटक के मंत्री। 2010 में दोस्त की पत्नी के उत्पीड़न का आरोप।
सुरेश राम : जगजीवनराम के बेटे। 1978 में एक मैगजीन में सुरेश और छात्रा की आपत्तिजनक तस्वीरें छपीं।
इन्होंने चौंकाया
तंदूर कांड
2 जुलाई, 95 को कांग्रेसी नेता सुशील शर्मा ने पत्नी नैना साहनी की हत्या कर शव को टुकड़े कर तंदूर में जला दिए।
फर्जी मुठभेड़
गुजरात के पूर्व गृह मंत्री अमित शाह पर सोहराबुद्दीन समेत कई लोगों को फर्जी मुठभेड़ में मरवाने का आरोप। पुलिसकर्मियों व राजनेताओं की सांठगांठ भी उजागर हुई। अमित जेल में।
बेल्लारी कांड
बेल्लारी (कर्नाटक) के खनन माफिया जनार्दन रेड्डी और उनके भाइयों पर अफसरों से साठगांठ कर राज्य में समानांतर सरकार चलाने का आरोप।
चंद महीनों बाद ही पुराने रुतबे पर लौट आए नेता और अफसर
भाजपा के सत्यानंद झा
आरोप : 2011 में महिला से अवैध संबंधों के बाद गुपचुप शादी।
कद: झारखंड सरकार में मंत्री।
कार्रवाई : महिला ने कहा सत्यानंद ने धमकी दी कि केस किया तो फांसी लगा लूंगा। इसलिए केस नहीं किया।
आज कहां : सरकार में कृषि मंत्री।
झारखंड के आईजी, डीआईजी
हयात और नटराजन पर बलात्कार का आरोप
आरोप : हयात पर 2004 में महिला से बलात्कार का आरोप। जांच आईजी नटराजन को सौंपी। महिला ने 2005 में उन पर भी बलात्कार का आरोप लगाया।
कार्रवाई : हयात की जांच, नटराजन सस्पेंड।
आज कहां : हयात प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली।