एक दो नहीं पूरी कंपनी को उड़ाने की थी नक्सली साज़िश, मिले 130 केन बम
सरायकेला- खरसांवा.
झारखंड के सरायकेला-खरसांवा जिले के चौका थाना क्षेत्र स्थित पालना डैम के जंगल से शनिबार को सुरक्षा बलों ने 130 केन बम बरामद किये हैं। एसपी ने बताया कि नक्सली किसी पूरी कंपनी को ट्रैक कर विस्फोट कर उड़ाने की योजना में थे. इस कारण एक किलोमीटर तक ये बम बिछाए गए थे. इसी जगह पर बीते 23 जुलाई को नक्सलियों से पुलिस की मुठभेड़ भी हुई थी. एसपी ने बताया कि इस पूरे मामले में ग्रामीणों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है.
पलामू में भीषण मुठभेड़
झारखंड के नक्सल प्रभावित पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र स्थित ताल गांव में शुक्रवार सुबह पुलिस व प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के बीच मुठभेड़ हो गयी। इस इलाके में माओवादी कल शहादत दिवस मना रहे थे। इसी की सूचना पर पुलिस व सीआरपीएफ के जवान इलाके की ओर कूच कर गए।
पुलिस को देखते ही नक्सलियों ने उनपर गोलियां चलानी शुरू कर दी। इस मुठभेड़ में चार नक्सली घायल हुए हैं जबकि एक पुलिसकर्मी को भी गोली लगी है जिसकी हालत अब खतरे से बाहर है। पलामू के डीआईजी प्रवीन कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस इलाके से सर्च ऑपरेशन के दौरान माओवादियों के तीन सिलिंडर बंद व प्रेशर बम भी बरामद किये हैं। इन सबका उपयोग पुलिस को निशाना बनाने के लिए होने वाला था। सभी बम काफी शक्तिशाली हैं। पूरे अभियान का नेत्रित्व पलामू के एसपी अनूप टी मैथ्यू कर रहे थे।





