राज्यदिल्ली
मध्य प्रदेश
राजस्थान
छत्तीसगढ़
हिमाचल
पंजाब
हरियाणा
चंडीगढ़
उत्तर प्रदेश
बिहार
झारखंड
महाराष्ट्र
गुजरात
जम्मू-कश्मीर
आटा के डब्बे से मिले घूस के पांच लाख रुपए, घूस लेते दो इंजीनियर गिरफ्तार
भास्कर न्यूज।
| Jan 05, 2013, 13:07PM IST

जमशेदपुर/रांची। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधीक्षण अभियंता शैलेश किशोर सिन्हा को 2.70 लाख रुपए और आदित्यपुर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता विपिन बिहारी सिन्हा को एक लाख रुपए रिश्वत लेते हुए निगरानी ब्यूरो की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों अभियंता शुक्रवार को जमशेदपुर के ठेकेदार सुनील कुमार चौधरी से यह रकम ले रहे थे। रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई है। इन अभियंताओं को आदित्यपुर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया।
इनके आवास पर भी तलाशी अभियान चला। इस दौरान विपिन बिहारी सिन्हा के यहां से 6.59 लाख रुपए नकद बरामद किए गए। वहीं, शैलेश किशोर सिन्हा के घर में आटा के डब्बे से पांच लाख रुपए मिले। साथ ही एक दर्जन पासबुक और अन्य संपत्ति के कागजात मिले हंै, इनमें लाखों की राशि है। निगरानी ने इन दोनों को फिलहाल आदित्यपुर थाना में रखा है। इन्हें शनिवार को रांची ले जाया जाएगा। राज्य में रिश्वत लेते गिरफ्तार किए जाने का संभवत: यह अब तक का सबसे बड़ा मामला है।
कैसे पकड़ में आए रिश्वतखोर
निगरानी ब्यूरो के एसपी रंजीत प्रसाद ने बताया कि जमशेदपुर के ठेकेदार सुनील कुमार चौधरी ने शिकायत की थी कि शैलेश किशोर सिन्हा 73 ड्रील नलकूप लगाने के आवंटन के लिए 2.70 लाख रुपए और कार्यपालक अभियंता विपिन बिहारी सिन्हा 175 ड्रील नलकूप लगाने के आवंटन के लिए एक लाख रुपए रिश्वत मांग रहे हैं। रिश्वत नहीं देने पर यह कार्य दूसरे को आवंटित करने की धमकी दे रहे हैं। शिकायत की पुष्टि होने के बाद छापामारी कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
देर रात तक चली पूछताछ
छापामारी अभियान लगभग तीन घंटे तक चला। टीम लगभग शाम छह बजे पहुंची और रात सवा नौ बजे तक छापामारी की। टीम ने इन दोनों के कार्यालय से लेकर आवास तक में छापामारी की। आदित्यपुर थाने में दोनों से देर रात तक पूछताछ जारी थी।
"एक साजिश के तहत ठेकेदार सुनील कुमार चौधरी ने मुझे फंसाया है। मैं अपने घर पर था। इसी दौरान वह अचानक मेरे घर में घुस आया और पैसा फेंक दिया। इसी दौरान पीछे से निगरानी की टीम पहुंची और मुझे पकड़ लिया।" -विपिन बिहारी सिन्हा, कार्यपालक अभियंता।







