चारा घोटाला: लालू प्रसाद ने मांगी दो गवाहों से जिरह की अनुमति
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 09:11(09/02/12)
रांची। चारा घोटाला के आरोपी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से दो गवाहों से जिरह करने की अनुमति मांगी है। इस संबंध में बुधवार को सीबीआई के विशेष न्यायाधीश पीके सिंह की अदालत में एक आवेदन दाखिल किया गया। इसी कोर्ट में कांड संख्या आरसी 20(ए)/96 की गवाही चल रही है। लालू प्रसाद के अधिवक्ता ने कहा कि गवाह विनोद कुमार और रामस्वार्थ सिंह का बयान सीबीआई ने दर्ज कराया है। लालू प्रसाद की ओर से इनसे जिरह नहीं किया गया है। आवेदन में कहा गया है कि अदालत ने सितंबर 2006 में ही इनसे जिरह करने की अनुमति दी थी, लेकिन उस वक्त जिरह नहीं किया जा सका था।
एक अन्य आवेदन दायर कर लालू प्रसाद ने कहा है कि सीबीआई ने चार्जशीट में जितने गवाहों का नाम दिया था, उन सभी की गवाही नहीं ली गई। शेष गवाहों का भी बयान दर्ज किया जाए। दोनों आवेदनों पर सुनवाई के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। गौरतलब है कि कोर्ट ने लालू प्रसाद को बयान देने के लिए 14 फरवरी को कोर्ट में उपस्थित रहने का आदेश दिया है।
आपूर्तिकर्ता का बयान दर्ज : चारा आपूर्तिकर्ता विजय कुमार मल्लिक ने बुधवार को बयान दर्ज कराया। अन्य एक आरोपी आईएएस अफसर सजल चक्रवर्ती का भी बयान दर्ज होना था, लेकिन वह कोर्ट में हाजिर नहीं हुए।