गैंग्स ऑफ वासेपुर-2 : इलेक्ट्रिक पिया पर प्रोफेसर का लौंडा नाच मचाएगा बवाल!

धनबाद.आज जब बॉलीवुड फिल्मों में आइटम सॉन्ग के लिए टॉप की हीराइनों, हीरो और चर्चित मॉडल की तलाश की जाती है, वहीं निर्देशक अनुराग कश्यप ने अपनी फिल्म गैंग्स ऑफ वासेपुर-2 में पेश किए गए आइटम सॉन्ग में एक अलग तरह का प्रयोग किया है। गैंग्स ऑफ वासेपुर में देश के प्रतिष्ठित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन (एनआईडी) के प्रोफेसर प्रदीप्ता रे ने आइटम सॉन्ग के तौर पर लौंडा नाच किया है। उन्होंने फिल्म के गाने इलेक्ट्रिक पिया में डांस किया है। इस गाने में उन्होंने घाघरा-चोली पहनकर डांस किया है। इस गाने को फिल्म में मुख्य कलाकार नवाजुद्दीन सिद्दकी और हुमा कुरैशी की शादी के बाद फिल्माया गया है।
10 किलो घटाया वजन
आइटम सॉन्ग के बारे में प्रदीप्ता रे ने बताया कि उनकी शुरू से किसी फिल्म में डांस करने की इच्छा थी। जब अनुराग ने उन्हें यह ऑफर किया तो वह तुरंत मान गए। यह मेरे लिए एक सपने का सच होने जैसा था। इसके लिए मैंने बहुत मेहनत की। गाने की डिमांड के कारण मुझे अपना वजन १० किलो तक घटाना पड़ा, वो भी दो महीने के अंदर। किसी फिल्म के आइटम सॉन्ग में हीरो, हीरोइन को अकेले डांस करना पड़ता है, लेकिन इस गाने में मुझे हमेशा दो से तीन लोग घेरे रखते थे।
कहानी की मांग थी लौंडा नाच
इसके बारे में फिल्म के निर्देशक अनुराग कश्यप बताते हैं कि कहानी की मांग के कारण ही इसे फिल्म में जगह दी गई। फिल्म में जिस दौर की कहानी दिखाई गई है, उस दौर में बिहार-यूपी में शादी के अवसर पर लौंडा नाच का आयोजन किया जाता था। इसी को ध्यान में रखते हुए हमने फिल्म में यह आइटम नंबर डाला।
कौन हैं प्रदीप्ता रे
प्रदीप्ता रे ने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन से पढ़ाई की है। उसके बाद वे वहीं विजटिंग प्रोफेसर के तौर पर पढ़ाने लगे। साथ ही वह एनीमेटर भी हैं। वे एनआईडी के कोलकाता, मुंबई और अहमदाबाद के कैंपस में प्रोफेसर के रूप में कार्यरत रहे हैं। रे ट्रांसजेंडर हैं। हालांकि मूल रूप से वह पुरुष हैं। प्रदीप्ता रे ने इससे पहले रंग दे बसंती, हे बेबी और कमबख्त इश्क में भी फिल्म के व्यूजीलाइजर के रूप में काम कर चुके हैं।






