राजभवन का संदेश, पहले शहर सुधारो
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 09:17(09/02/12)
रांची। राज्यपाल डॉ. सैयद अहमद ने पहली बार सीधे अधिकारियों को तलब किया। उनसे पूछा कि आखिर रांची की ट्रैफिक व्यवस्था ठीक क्यों नहीं हो पा रही है। राजधानी में इतनी गंदगी क्यों है। ग्रीन रांची कैंपेन क्यों नहीं चल रहा। एलपीजी और सीएनजी आउटलेट क्यों नहीं हैं। अधिकारी यह सब सुनकर सकते में थे, क्योंकि अमूमन राज्यपाल सरकारी कामकाज में इस तरह सीधे हस्तक्षेप नहीं करते। राज्यपाल की इस बैठक के लोगों ने अलग-अलग अर्थ भी निकाले।
राजभवन में बुधवार को अधिकारियों को बुलाकर राज्यपाल ने रांची के ट्रैफिक को तत्काल सुधारने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुंबई की तर्ज पर रांची की ट्रैफिक व्यवस्था बनाओ। राज्यपाल ने राजधानी के विकास में लगी एजेंसियों के कामकाज पर भी अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। राज्यपाल का यह कदम काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मतलब क्या
बुधवार को जिस तरह राज्यपाल ने अधिकारियों का सीधा क्लास लिया, जिसे एक्सपर्ट राजभवन की अतिसक्रियता मान रहे हैं। राजनीतिक दलों को लग रहा है कि व्यवस्था सुधारने के नाम पर राज्यपाल सरकार को संदेश देना चाह रहे हैं कि वह गुड गवर्नेस लाने के लिए सक्रिय भूमिका भी निभा सकते हैं।
ये हैं महत्वपूर्ण निर्देश
> सीएनजी एवं एलपीजी आधारित परिवहन व्यवस्था बनाएं ।
> रांची में 10 जगहों पर सीएनजी और एलपीजी आउटलेट बनाएं ।
> पेट्रोल पंपों को अपग्रेड कर वहां जन सुविधाएं बढ़ाएं।
> क्लीन झारखंड एवं ग्रीन झारखंड का बैनर पूरे शहर में लगाएं।
> नगर निगम शहर को हरा-भरा करने के लिए सार्थक पहल करे।
> रिंग रोड के निर्माण-कार्य में तेजी लाएं, समय पर पूरा करें काम।
> जो फेज पूरा हो जाए, उस पर ट्रांसपोर्टेशन शुरू हो ।
> ट्रांसपोर्ट नगर एवं अंतरराज्यीय बस अड्डा का शीघ्र करें निर्माण।
> मुख्य सड़कों के दोनों तरफ फुटपाथ का निर्माण करें।
> जरूरत हो तो कुछ सड़कों को वन वे भी करें।
> शहर के नालों की नियमित सफाई करें।
> चौराहों के सौंदर्यीकरण में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से लें मदद।
> अस्पतालों के समीप किसी हालत में न हो गंदगी।
ये थे मौजूद : प्रमंडलीय आयुक्तसुरेंद्र सिंह, नगर विकास सचिव नितिन मदन कुलकर्णी, डीसी केके सोन व एसएसपी साकेत कुमार सिंह।