रांची/हजारीबाग। उपभोक्ता अब चावल एवं केरोसिन की कालाबाजारी, अनुपलब्धता, जन वितरण प्रणाली एवं राशनकार्ड से संबंधित शिकायत ई-मेल भेजकर भी कर सकते हैं। उपायुक्त डॉ. मनीष रंजन ने शिकायतों के लिए अलग ई-मेल आईडी डीएसओएचजेडबी.0032एट जीमेल डॉट कॉम जारी किया है। कहा गया है कि इस पर दर्ज शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोग चावल एवं केरोसिन की अनुपलब्धता, जन वितरण दुकानों द्वारा कालाबाजारी, जन वितरण दुकानदार द्वारा राशन कार्ड अपने पास रख लेने के संबंध में, खाद्यान्न के परिवहन संबंधी शिकायत, क्रय केंद्र पर धान नहीं लिया जाना, क्रय केंद्रों का निर्धारित समय पर खुला न होना एवं धान के मूल्य का भुगतान में विलंब आदि की शिकायत ई-मेल आईडी पर दर्ज करा सकते हैं।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी अविलंब लोगों की शिकायत का समाधान करेंगे। वहीं जिला आपूर्ति पदाधिकारी को प्रखंडवार संचिका संधारण करने तथा आपूर्ति निरीक्षक, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को धान क्रय केन्द्रों से अनुपालन प्रतिवेदन प्राप्त कर उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही जिला स्तर पर कार्यशाला का आयोजन कर इस लोगों को जानकारी देने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।