कार की चाहत में सातवीं के छात्र ने किया जरा हटके कारनामा!
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 09:23(10/02/12)
रांची। बिशप वेस्टकॉट स्कूल के सातवीं के छात्र पीयूष प्रभाकर (13 वर्ष) ने कार खरीदने के लिए अपने ही घर से छह लाख रुपए चुरा लिए। शक होने पर गुरुवार को पिता ने उसे एक होटल में पकड़ा। उस समय वह छठी क्लास की एक छात्रा और चार लड़कों के साथ था। पियूष के पिता की शिकायत पर डोरंडा थाना पुलिस ने चार लड़के आकाश, अभिषेक, राहुल मल्होत्रा व धीरज के खिलाफ ठगी की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना से अभिभावक सकते में हैं।
20 दिन पहले चुराए थे रुपए : पीयूष ने पुलिस को बताया कि क्रिकेट कोचिंग के दौरान उसकी आकाश से दोस्ती हुई थी। आकाश ने उसे कहा था कि साढ़े तीन लाख रुपए में कार दिला देगा। उसने बाइक खरीदने के लिए उससे 50 हजार रुपए मांगे। इस पर करीब 20 दिन पहले ही उसने घर से छह लाख रुपए चुरा कर आकाश को दे दिया था। मगर उसे कार नहीं दी, सिर्फ एक मोबाइल फोन थमा दिया।
शादी के लिए थे पैसे
पीयूष के पिता रेंजर कृष्ण नंदन प्रसाद ने बताया कि उन्होंने बेटी की शादी के लिए आठ लाख रुपए रखे थे। इनमें से छह लाख रुपए गायब हो गए। उन्होंने कहा कि पीयूष अक्सर उनसे कार खरीदने की जिद करता था। पीयूष के पास एक कीमती मोबाइल देखकर उन्हें शक हुआ। गुरुवार को उन्होंने एक होटल में उसे एक लड़की और चार लड़कों के साथ पकड़ा तो मामले का खुलासा हुआ।
फंसाने की साजिश
आकाश के पिता ललन सिंह ने कहा कि उन्होंने बेटे को नौकरी दिलाने के लिए जनवरी 2010 में कृष्ण नंदन प्रसाद को तीन लाख रुपए दिए थे। बेटे की नौकरी नहीं लगी तो उन्होंने पैसा वापस करने का दबाव बनाया। इसी लिए उनके बेटे को झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रची गई।
पीयूष के पिता की शिकायत पर चार युवकों के खिलाफ ठगी की प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फैजुल अहमद, इंस्पेक्टर, डोरंडा थाना