रुंगटा ग्रुप : 1000 करोड़ की अघोषित संपत्ति का अनुमान
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 09:06(09/02/12)
चाईबासा। लौह अयस्क के चर्चित कारोबारी व समाजसेवी एसआर रुंगटा ग्रुप की अघोषित संपत्ति 1000 करोड़ होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि छापेमारी के दौरान मिले जेवरात, मकान व जमीन के दस्तावेज आदि का एसेसमेंट करने का काम बुधवार की देर रात तक जारी था।
करीब 64 घंटे तक चली इस छापेमारी में आयकर विभाग के अधिकारियों ने लौह अयस्क व्यापार से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों को जब्त किया है। जब्त कागजातों व सामग्रियों को एक कमरे में बंद कर सील कर दिया गया है। इन दस्तावेजों का मिलान व हिसाब-किताब बाद में किया जाएगा।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, एसआर रूंगटा ग्रुप की अघोषित संपत्ति का आंकड़ा 900 करोड़ को पार कर लेगा, हालांकि आयकर विभाग की टीम के किसी अधिकारी ने इसकी पुष्टि नहीं की है, लेकिन सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, ग्रुप की अघोषित संपत्ति का आंकड़ा 900 करोड़ को पार कर जाएगा। बुधवार को भी देर रात तक रूंगटा हाउस में विपत्रों की जांच का काम जारी था।
हालांकि ग्रुप के बड़बिल व चाईबासा कार्यालय में जांच का काम रात्रि 10 बजे तक खत्म कर लिया गया था। रात दस बजे के बाद से सीआरपीएफ जवानों को हटाने का काम शुरू कर दिया गया था।