यह स्कूल इंस्पेक्टर शिक्षिकाओं से करता हैं अश्लील बातें, कहता है चलो होटल

रांची.शिक्षा विभाग के रांची-टू के अवर विद्यालय निरीक्षक एलबी सिंह शिक्षिकाओं के साथ न सिर्फ अभद्र व्यवहार करते हैं, बल्कि उनसे गंदी-गंदी बातें भी करते हैं। शिक्षिकाओं को होटल में साथ रहने का ऑफर देते हैं और पैसों की भी मांग करते हैं। अवर निरीक्षक की प्रताडऩा से तंग शिक्षिकाओं ने शिक्षा अधिकारियों से कई दफा लिखित और मौखिक शिकायत की, लेकिन अब तक उनकी किसी ने नहीं सुनी। थक-हार कर बुधवार को राजकीय मध्य विद्यालय, हेथू की पूर्व प्रधानाध्यापिका ने प्राथमिक शिक्षा निदेशक को ज्ञापन सौंप कर अवर विद्यालय निरीक्षक की करतूतों की जानकारी देते हुए उन्हें अविलंब हटाने की मांग की। उन्होंने उपायुक्त रांची, जिला शिक्षा अधीक्षक और जिला शिक्षा पदाधिकारी को भी ज्ञापन सौंपा है। इधर, शिक्षिका की शिकायत पर प्राथमिक शिक्षा निदेशक ममता ने आरडीडीई को मामले की जांच का निर्देश दिया है।
चावल लेने गईं गाली सुन लौटी
राजकीयकृत मध्य विद्यालय, हिनू बस्ती की संयोजिका ने अवर विद्यालय निरीक्षक पर अभद्रता का आरोप लगाया है। संयोजिका ने अपने स्कूल की प्रधानाध्यापिका को लिखित शिकायत की है कि जब वह मध्याह्न भोजन के चावल उठाव के लिए गईं थीं, तब अवर विद्यालय निरीक्षक सिंह ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया। चावल उठाव के एवज में उनसे पैसे मांगे। नहीं देने पर गालियां दीं। उन्होंने प्रधानाध्यापिका को अगली बार चावल उठाव के लिए नहीं भेजने का आग्रह किया।
शिक्षकों से वसूले 5००-5०० रुपए
अवर विद्यालय निरीक्षक पर दूसरी शिक्षिकाओं ने भी 500- 500 रुपए मांगने का आरोप लगाया है। राजकीयकृत मवि, हिनू की एक शिक्षिका ने अपने स्कूल की प्रधानाध्यापिका को लिखा है कि अवर विद्यालय निरीक्षक द्वारा बुलाई गई बैठक में उन्हें नहीं भेजा जाए। शिक्षिका ने बताया कि 3 जुलाई को उन्होंने अपने कार्यालय में गुरुगोष्ठी बुलाई थी, जिसमें कई विद्यालयों के प्रधान और उनके प्रतिनिधि गए थे। गोष्ठी में उन्होंने सभी से 500- 500 रुपए एक वरीय अधिकारी की विदाई के नाम पर मांगे। पैसे नहीं देने वाले शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इसलिए अगली बैठक में उन्हें नहीं भेजा जाए।
सवाल पूछते ही शिक्षा निदेशक ने दिया जांच का निर्देश
अवर विद्यालय निरीक्षक पर लगे आरोपों के संबंध में जैसे ही भास्कर ने प्राथमिक शिक्षा निदेशक ममता से पूछताछ की, तो उन्होंने इंक्वायरी सेटअप कर दी। कहा, आरडीडीई को मामले की जांच का निर्देश दे दिया गया है। यह भी निर्देश दिया गया है कि उनके खिलाफ जो भी आरोप हैं, उसकी जांच कर प्रतिवेदन विभाग को सौंपें। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बगैर निर्देश के निरीक्षण
क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी ने भी अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि मध्य विद्यालय के निरीक्षण के लिए अवर विद्यालय निरीक्षक सक्षम पदाधिकारी नहीं हैं। बावजूद निरीक्षण कर प्रधानाचार्यों को प्रताडि़त किया जाता है।
मुझ पर लगाए गए सारे आरोप बेबुनियाद
"मुझ पर जो भी आरोप लगाए गए हैं, बेबुनियाद हैं। जहां तक राजकीय मध्य विद्यालय हेथू की पूर्व प्रधानाध्यापिका का मामला है, तो वहां जब मैं निरीक्षण करने गया था, तब कई गड़बडिय़ां पाई गईं थीं। इसकी रिपोर्ट मैंने तैयार की है। इसी वजह से मुझ पर आरोप लगाए जा रहे हैं। जहां तक 500 -500 रुपए मांगने की बात है, वह एक वरीय पदाधिकारी को विदाई देने के लिए सभी के बीच प्रस्ताव रख कर निर्णय लिया गया था। चावल के लिए कोई राशि नहीं ली जाती है। यह सब गलत आरोप है।" - एलबी सिंह, अवर विद्यालय निरीक्षक, रांची-टू.








