जी हां यह सच है! सीएम लखपति तो डिप्टी सीएम हैं करोड़पति
Source: पंकज त्रिपाठी | Last Updated 09:27(10/02/12)
रांची। झारखंड के मंत्री, विधायक और अफसर अपनी संपत्ति का ब्योरा देने से कतरा रहे हैं। बार-बार स्पीकर के निर्देश के बावजूद अब तक 28 विधायकों ने संपत्ति की घोषणा नहीं की है। विधानसभा के दस्तावेज बताते हैं कि उप मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत सरकार के 4 मंत्रियों ने भी संपत्ति का डिटेल सदन को नहीं सौंपा है। हालांकि स्पीकर अब ऐसे लोगों पर कार्रवाई करने के मूड में नहीं दिखते। वैसे विधानसभा के शीतकालीन सत्र में उन्होंने संपत्ति का ब्योरा देने का आदेश दिया था। सदन के दस्तावेज बताते हैं कि सीएम अजरुन मुंडा लखपति तो डिप्टी सीएम सुदेश महतो करोड़पति हैं।
सीएम अर्जुन मुंडा संपत्ति में अपने मंत्रिमंडलीय सहयोगियों से काफी पीछे हैं। अब तक आठ मंत्रियों ने ब्योरा दिया है, जिनमें कृषि मंत्री ही उनसे पीछे हैं।
नाम घोषित संपत्ति
सीएम अजरुन मुंडा 28.77 लाख
डिप्टी सीएम सुदेश महतो 2.27 करोड़
मंत्री हेमलाल मुमरू 1.54 करोड़
मंत्री राजा पीटर 1.27 करोड़
मंत्री विमला प्रधान 61.51 लाख
मंत्री मथुरा महतो 50.55 लाख
मंत्री चंपई सोरेन 47.25 लाख
मंत्री सत्यानंद झा बाटुल 26.72 लाख
81 में से 53 ने दी जानकारी
81 विधायकों में से केवल 53 ने संपत्ति की जानकारी विधानसभा को दी है। ब्योरा नहीं देने वालों में अन्य विधायकों के अलावा उप मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मानव संसाधन मंत्री बैद्यनाथ राम, भवन निर्माण मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी, कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी शामिल हैं।
12 में आठ ने किया खुलासा : बारह मंत्रियों में आठ ने ही संपत्ति का ब्योरा दिया है। दलों के हिसाब से झामुमो के दो, भाजपा के एक व आजसू के एक मंत्री ने अपनी संपत्ति का खुलासा नहीं किया है।
12 आईपीएस ने भी नहीं बताई संपत्ति
पीएस नटराजन, अरविंद वर्मा, निर्मल अमिताभ चौधरी, नीरज सिन्हा, आरके मल्लिक, मुरारी लाल मीणा, संजय लाटेकर, मो. नेहाल, दुर्गा उरांव, पंकज कंबोज, असीम विक्रांत मिंज एवं राकेश बंसल ने तीन फरवरी तक संपत्ति की घोषणा नहीं की थी।
राप्रसे के 230 अफसर भी मौन
राज्य प्रशासनिक सेवा के 230 अधिकारियों ने अब तक संपत्ति की घोषणा नहीं की है। कार्मिक विभाग अब इन अधिकारियों को शो कॉज नोटिस जारी कर रहा है। अगर इनके जबाव से सरकार संतुष्ट नहीं होती है, तो इनके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।