डकैतों ने ट्रेन में लूटे लाखों के सामान, एक की हत्या
Source: संतोष कुमार. | Last Updated 16:33(27/01/12)
पाकुड़. झारखंड के पाकुड़ जिले में गुरूवार को देर रात बांसलोई ब्रीज रेलवे स्टेशन के निकट चार नकाबपोश अज्ञात डकैतों ने बर्धमान-बरहरवा पैसेंजर ट्रेन के यात्रियों से लाखों का सामन लूट लिया जबकि एक युवक की हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक, कुछ युवक चेन्नई से कोलकाता होते हुए सीमावर्ती पश्चिम बंगाल के मुर्शीदाबाद जा रहे थे।
इसी क्रम में गुरूवार को रात्रि 11:30 बजे सभी युवक पाकुड़ आने के लिए 53075 अप विश्वभारती पैसेंजर पर चढ़े। मुरारोई स्टेशन से चार नकाबपोश डकैत ट्रेन में चढ़े और गाड़ी खुलते ही लूटपाट शुरू कर दिया। डकैतों ने यात्रियों से नकद, जेवरात के अलावे उनके मोबाइल व कपड़े भी लूट लिए। ट्रेन में मची अफरातफरी व डकैती का विरोध कर रहे सुखचांद शेख को लूट में शामिल एक डकैत ने उसे गर्दन में नजदीक से गोली मार दी, जिससे सुखचांद की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के अन्य साथी अजीजुल रहमान, रवैल शेख, अनीकुल शेख, अनवर शेख, रायली शेख, एजुल शेख, नूर आलम ने पाकुड़ जीआरपी थाना में अपना बयान दर्ज करा दिया है। वहीं इस बाबत पाकुड़ जीआरपी प्रभारी सुदीन प्रसाद शर्मा ने बताया कि मृतक के लाश को पोस्र्टमार्टम के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। जबकि घटना सैंथिया क्षेत्र में होने के कारण मामले की आगे छानबीन सैंथीया जीआरपी करेगी।