रांची. झारखंड में सिस्टर वालसा जॉन की हत्या का मामला रेप केस से जुड़ता लग रहा है। हत्या से एक दिन पहले ही सिस्टर ने अपने सहयोगी से एक गांव में बलात्कार की एक घटना का जिक्र किया था। जॉन ने यह भी बताया था कि इस बलात्कार की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाने में उन्हें काफी मुश्किल आ रही है।
पाकुड़ के उपायुक्त सुनील कुमार सिंह के मुताबिक नन के एक सहयोगी ने उन्हें भी इस बारे में जानकारी दी थी। तब उन्होंने पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था। यह 14 नवंबर की बात है। और अगले ही दिन जॉन की पाकुड़ के पछुड़वा गांव में कुछ अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी।
इस हत्याकांड पर आदिवासियों का गुस्सा बढ़ रहा है। आदिवासी छात्र संघ (एसीएस) ने सिस्टर वालसा के हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। शुक्रवार को बैठक कर संघ ने बताया कि अगर 24 घंटे के अंदर सिस्टर वालसा के हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो संघ झारखंड बंद करने के लिए बाध्य होगा और पूरे राज्य में इसके विरोध में आंदोलन किया जाएगा।