'मेरे पास हैं फिल्मों के ऑफर, नहीं करूंगी थका देने वाली बालिका वधु'

जमशेदपुर.जमशेदपुर की प्रत्युषा बनर्जी नवंबर के बाद बालिका वधु के रूप में नहीं दिखेंगी। कलर्स चैनल पर दिखाए जाने वाले इस धारावाहिक के साथ प्रत्युषा बनर्जी करार तोडऩे जा रही हैं। जमशेदपुर दौरे पर आए प्रत्युषा के पिता शंकर बनर्जी ने दैनिक भास्कर को बताया कि प्रत्युषा अब बालिका वधु के किरदार को करने के लिए तैयार नहीं है। वह इस नवंबर में अपना करार खत्म करने जा रही है।
बकौल शंकर बनर्जी, एक तो उसके पास फिल्मों के ऑफर हैं, दूसरी बालिका वधु की बेहद थका देने वाली शूटिंग से वह बाहर आना चाहती है। सुबह आठ से रात नौ बजे तक की शूटिंग के बाद प्रत्युषा पूरी तरह थक जाती है। मालूम हो कि प्रत्युषा को मई, 2010 में बालिका वधु के रूप में चयन हुआ था।
कलियुग और ट्रैफिक सिग्नल फेम कुणाल खेमू के साथ आ रही हैं फिल्म में
प्रत्युषा बनर्जी के बारे में खबर है कि वह भट्ट कैंप के करीब हैं और विक्रम भट्ट की अगली फिल्म में लीड रोल में नजर आ सकती हैं। वे इस फिल्म में कुणाल खेमू के अपॉजिट हैं, जो कलियुग, ट्रैफिक सिग्नल और गोलमाल 3 सरीखे फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुके हैं। प्रत्युषा के पिता शंकर बनर्जी ने भी पुष्टि की है कि उसे विक्रम भट्ट फिल्म में ऑफर देने जा रहे हैं। करार के मुताबिक, वह फिल्में नहीं कर सकती।






