छत से गिरे पाकुड़ के समेकित विकास पदाधिकारी, मौत
Source: भास्कर न्यूज. | Last Updated 12:40(01/02/12)
पाकुड़. समेकित सहकारी विकास परियोजना, पाकुड़ के विकास पदाधिकारी भिखारी पासवान की असामायिक मौत छत से गिरने से हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को प्रात: श्री पासवान किसी काम से छत पर गए और पांव फिसल जाने के कारण वे छत से गिर कर घायल हो गए। घायलावस्था में आसपास के लोग उन्हें ईलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए जहां ईलाज के क्रम में उनकी मौत हो गई।
वहीं दूसरी ओर लोग दबी जुबान में इसे आत्महत्या का भी मामला बता रहे हैं। श्री पासवान लैंप्स में लाखों के कप्यूटर घोटाला में प्रमुख आरोपी थे और इसी मामले में बीते दिनों उन्हें जिले के उपायुक्त ने निलंबित कर जांच का आदेश दिया था। इससे पूर्व भी दिवंगत अधिकारी के उपर मवेशी खरीद घोटाला में शामिल होने का आरोप लगा था। लागों के अनुसार स्व. पासवान बीते कुछ दिनों से काफी तनाव में रह रहे थे।
बहरहाल, घटना को नगर थाना में मृतक भिखारी पासवान के रिस्तेदार दिलीप कुमार के बयान पर यूडी कांड संया 02/12 दर्ज कर लिया गया है। स्व. पासवान अपने पीछे बीमार पत्नी व नि:शक्त पुत्र को छोड़ गए हैं।