विधायक ने पहले चाय मांगी, फिर कहा तोड़ दो मंदिर!
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 09:06(10/02/12)
जमशेदपुर. अतिक्रमण हटाने के दौरान गुरुवार को कदमा भाटिया बस्ती स्थित चंडी मंदिर की चहारदीवारी तोड़ दी गई। इसी क्रम में मंदिर परिसर में स्थापित गणेश और शंकर की प्रतिमा भी खंडित हो गई। इससे गुस्साए मंदिर के पुजारी चंडी दास मुखर्जी उर्फ चंडी बाबा समेत स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। उस वक्त वहां स्थानीय विधायक बन्ना गुप्ता भी मौजूद थे, जो हंगामा होते देख निकल लिए। हंगामा करीब छह घंटे होता रहा। घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक सरयू राय, भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव समेत अनेक भाजपाई मंदिर पहुंचे और विधायक बन्ना गुप्ता समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। गौरतलब है कि कदमा भाटिया बस्ती में विधायक फंड से सड़क निर्माण का काम हो रहा है। इस सिलसिले में सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाने का काम किया जा रहा है।
विधायक बन्ना गुप्ता पर आरोप
पुजारी चंडी दास मुखर्जी के मुताबिक, गुरुवार सुबह विधायक बन्ना गुप्ता मंदिर पहुंचे और चाय पीने की मांग की। चाय पीने के बाद विधायक ने पोकलेन मंगाकर गणोश व शंकर की मूर्ति और मंदिर व दीवार तोड़ने का आदेश दिया। इस दौरान विधायक के अंगरक्षकों ने उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया और बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
विधायक पर मामला दर्ज
पुलिस ने जेएनएसी और जुस्को के पदाधिकारियों को मौके पर बुलाया और सड़क निर्माण की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। इधर, चंडी बाबा ने विधायक बन्ना गुप्ता, ठेकेदार संजय याद, बन्ना गुप्ता के अंगरक्षक व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। इधर, कदमा थानाप्रभारी दयानंद प्रसाद ने बताया कि पोकलेन से अतिक्रमण हटाने की सूचना थाना में नहीं दी गई थी। यह सब किसके निर्देश पर हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
बाबा का अनशन आज से
चंडी बाबा ने शुक्रवार की सुबह आठ बजे से मंदिर परिसर में आमरण-अनशन पर बैठने का निर्णय लिया है।
विधायक की सफाई
इन बातों से मेरा कोई मतलब नहीं है। मंदिर और उसकी दीवार स्वयं बाबा ने तुड़वाई है। भाजपा इसे मुद्दा बनाकर विकास का काम बाधित करना चाहती है। मैं बाबा से मिलने जरूर गया था।