रांची. झारखंड के चतरा से निर्दलीय सांसद इंद्र सिंह नामधारी के काफिले पर नक्सलियों ने हमला किया है। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक इंद्र सिंह सुरक्षित हैं जबकि आठ जवानों की मौत हो गई है। तीन जवान और दो ग्रामीण हमले में घायल हैं। मारे गए जवानों के हथियार भी नक्सलियों ने लूट लिए हैं।
इंद्र सिंह नक्सल प्रभावित लातेहर जिले के गारू थाना क्षेत्र में एक स्कूल का उद्घाटन करके डालटेनगंज लौट रहे थे। नक्सलियों ने उनकी गाड़ी को चारे ओर से घेरकर गोलीबारी की।
नक्सलियों ने दो बम विस्फोट कर जवानों को निशाना बनाया जिसमें आठ जवानों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन जवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं। अभी तक की रिपोर्टों के मुताबिक नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी है। बाकी रिपोर्ट की प्रतीक्षा है।